Hamirpur (himachal) News:भरण-पोषण केस में हवाई टिकट और सोनीपत कोर्ट का फैसला बनेंगे साक्ष्य – In A Maintenance Case, Flight Tickets And A Verdict From The Sonipat Court Will Serve As Evidence
फैमिली कोर्ट ने पति की अर्जी मंजूर की, पत्नी की आय और आर्थिक स्थिति से जुड़े दस्तावेज रिकॉर्ड पर लेने के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। भरण-पोषण के मामले में पत्नी की आय, रोजगार और आर्थिक स्थिति से जुड़े तथ्यों को सामने लाने के लिए पति को अहम दस्तावेज पेश करने की अनुमति मिल गई है। फैमिली कोर्ट हमीरपुर के प्रधान न्यायाधीश पंकज शर्मा की अदालत ने पति की अर्जी मंजूर करते हुए सोनीपत फैमिली कोर्ट के फैसले और पत्नी की हवाई यात्रा के छह टिकटों को रिकॉर्ड पर लेने के आदेश
दिए हैं।
पति ने 22 सितंबर 2025 को सोनीपत फैमिली कोर्ट की ओर से हिंदू विवाह अधिनियम की धारा नौ के तहत पारित फैसले और जून से अक्तूबर 2026 के बीच की छह हवाई टिकटों की प्रतियां पेश करने की अनुमति मांगी थी। पति का तर्क था कि ये दस्तावेज पत्नी के रोजगार, निवास स्थान और आर्थिक स्थिति से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने में मददगार होंगे।
वहीं, पत्नी ने अर्जी का विरोध करते हुए इसे कार्यवाही में देरी करने का प्रयास बताया और सोनीपत कोर्ट के क्षेत्राधिकार पर भी सवाल उठाए। अदालत ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों को रिकॉर्ड पर लेने की अनुमति का अर्थ उनमें दर्ज तथ्यों को प्रमाणित मानना नहीं है। उनकी सत्यता और साक्ष्य के रूप में महत्व का निर्णय उचित स्तर पर होगा। पत्नी को भी इन दस्तावेजों पर आपत्ति दर्ज करवाने की छूट रहेगी।
