रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:आरपीएससी साक्षात्कार में नहीं चलेगी मनमर्जी, पारदर्शिता के लिए आयोग के सदस्यों ने लिया प्रशिक्षण – Rpsc Interview Process Transparency Members Special Training Ras Recruitment
अजमेर

राजस्थान:आरपीएससी साक्षात्कार में नहीं चलेगी मनमर्जी, पारदर्शिता के लिए आयोग के सदस्यों ने लिया प्रशिक्षण – Rpsc Interview Process Transparency Members Special Training Ras Recruitment

November 24, 2026


राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) अब आरएएस सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की साक्षात्कार प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और वैज्ञानिक बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए आयोग के तीन सदस्यों ने हैदराबाद स्थित एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज ऑफ इंडिया में आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने साक्षात्कार प्रक्रिया को बेहतर बनाने और अभ्यर्थियों के व्यक्तित्व का निष्पक्ष आकलन करने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल की।

आयोग का उद्देश्य साक्षात्कार बोर्डों के कामकाज को अधिक व्यवस्थित बनाना और अलग-अलग बोर्डों की ओर से अभ्यर्थियों के मूल्यांकन में एकरूपता सुनिश्चित करना है। इससे साक्षात्कार के दौरान व्यक्तिगत धारणाओं और पूर्वाग्रहों का प्रभाव कम करने में मदद मिलेगी।

सिर्फ विषय ज्ञान नहीं, इन क्षमताओं का भी होगा आकलन

लोक सेवा आयोग की साक्षात्कार प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के विषय ज्ञान के साथ उनके संपूर्ण व्यक्तित्व का मूल्यांकन किया जाता है। इसमें निर्णय लेने की क्षमता, तार्किक सोच, प्रशासनिक समझ और अलग-अलग परिस्थितियों में प्रतिक्रिया देने के तरीके को भी परखा जाता है।

अलग-अलग साक्षात्कार बोर्डों की ओर से मूल्यांकन के दौरान समान मानक बनाए रखना आयोग के सामने एक बड़ी चुनौती होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण में प्रश्न पूछने की आधुनिक तकनीक, अभ्यर्थियों के जवाबों का विश्लेषण और उनकी विभिन्न क्षमताओं के आकलन की वैज्ञानिक पद्धतियों पर जोर दिया गया। इन तकनीकों से सभी साक्षात्कार बोर्डों के मूल्यांकन में समानता लाने की कोशिश होगी।

प्रश्नपत्रों की सुरक्षा से लेकर कार्यप्रणाली में सुधार तक नवाचार

आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह राठौड़ के नेतृत्व में संस्थागत कार्यप्रणाली में सुधार और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पहले भी कई नवाचार किए गए हैं। आयोग देश के विभिन्न राज्यों के लोक सेवा आयोगों और संघ लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली का समय-समय पर अध्ययन करता रहा है।

इस दौरान बेहतर और प्रभावी प्रक्रियाओं की पहचान कर उन्हें राजस्थान लोक सेवा आयोग की व्यवस्था में शामिल किया गया है। अब साक्षात्कार प्रक्रिया में आधुनिक और वैज्ञानिक मूल्यांकन तकनीकों को अपनाने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X