रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
यूपी:चार बच्चों के अपहरण की सूचना पर दौड़ी पुलिस, सामने आई मूंगफली के ठेले की कहानी; मामला सुन रह जाएंगे सन्न – Kidnapping Alert For Four Children Turns Out To Be A Misunderstanding Over A Peanut Cart
कासगंज

यूपी:चार बच्चों के अपहरण की सूचना पर दौड़ी पुलिस, सामने आई मूंगफली के ठेले की कहानी; मामला सुन रह जाएंगे सन्न – Kidnapping Alert For Four Children Turns Out To Be A Misunderstanding Over A Peanut Cart

November 24, 2026


कासगंज के सदर कोतवाली पुलिस को सोमवार रात भिटौना में एचपी पेट्रोल पंप के सामने से कार चालक द्वारा चार बच्चों का अपहरण करने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो सूचना निराधार निकली। पुलिस ने बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया। जांच में साफ हुआ कि मूंगफली के ठेले से जुड़े विवाद के बाद गलतफहमी में अपहरण की सूचना दी गई थी, जबकि बच्चों के साथ किसी प्रकार की कोई घटना नहीं हुई थी।

सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात करीब 10 बजे पीआरवी-9760 के माध्यम से सूचना मिली कि भिटौना में एचपी पेट्रोल पंप के सामने से एक कार चालक चार बच्चों को अगवा करके ले गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। बच्चों के बारे में पूछताछ शुरू की।

जांच में पता चला कि गांव भिटौना निवासी नितिन (14) पुत्र लज्जाराम, शिवा (15) पुत्र पप्पू, सुखवीर (11) पुत्र पप्पू, अंकित (14) पुत्र पप्पू और सोमेश (12) पुत्र दीपक घूमने आए थे। रात करीब 9 बजे पेट्रोल पंप के पास सोरोंजी की ओर से आ रहे मूंगफली के ठेले और कासगंज की ओर से रही बाइक के बीच टक्कर हो गई थी, जिससे ठेले पर रखी मूंगफली और तौलने के बांट सड़क पर गिर गए थे। बच्चे सड़क पर गिरी मूंगफली उठाने लगे। 

इस दौरान गांव नौरथा निवासी मानपाल अपनी कार में सीएनजी भरवाने पेट्रोल पंप पहुंचे थे। उन्होंने विवाद होता देखा तो बाइक सवार से ठेले वाले बुजुर्ग को नुकसान के बदले 200 रुपये दिलवा दिए। वहीं, बुजुर्ग ठेले वाले ने बच्चों पर मूंगफली के साथ सड़क पर गिरे बांट उठाने का आरोप लगाया तो मानपाल ने चार बच्चों को कार में बैठा लिया और उनसे बुजुर्ग के बांट वापस करने को कहा। इस दौरान एक बच्चा घबराकर गांव भिटौना पहुंच गया और कार सवार के बच्चों को अगवा करने की अफवाह फैला दी। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को अपहरण की सूचना दे दी। 

पुलिस की जांच में सामने आया कि बच्चों ने बांट उनके पास होने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मानपाल ने बच्चों को वहीं उतार दिया और वे घर की ओर लौट गए थे। पुलिस ने तुरंत बच्चों को खोजकर उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया।  कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि कार सवार के चार बच्चों का अपहरण करने की सूचना मिली थी, जांच के दौरान मूंगफली के ठेले से जुड़े विवाद के बाद पैदा गलतफहमी निकली। बच्चों को सकुशल खोजकर परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X