रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:गंगा मेले में आस्था के साथ पक रही सियासत की खिचड़ी – Politics Brewing Alongside Faith At The Ganga Mela

November 24, 2026


अमरोहा। गंगा की रेती पर आस्था की डुबकी, धार्मिक अनुष्ठानों और मेले की रौनक के बीच तिगरी में सियासत की खिचड़ी भी खूब पकी। कार्तिक पूर्णिमा पर संपन्न हुए राजकीय गंगा मेला तिगरी में धार्मिक गतिविधियों के साथ राजनीतिक चर्चाएं भी सुर्खियों में रहीं। पंचायत चुनाव की आहट और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मेले ने नेताओं और संभावित दावेदारों को जनसंपर्क का बड़ा मौका दिया। लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मेला सामाजिक और राजनीतिक मेल-मिलाप का मंच बन गया।

सदियों पुराने तिगरी गंगा मेले में उड़द और चावल की खिचड़ी की खुशबू श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है। इस बार गंगा की रेती पर राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिशें भी चर्चा में रहीं। मंडल समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं के पहुंचने पर नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों से मिलने और अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर मिला। मेल-मिलाप, अनौपचारिक मुलाकातों और सामाजिक आयोजनों के बीच राजनीतिक चर्चाओं का दौर चलता रहा।

————————–

ग्राम प्रधान के दावेदारों ने डेरों में घूमकर जोड़े हाथ

इलाहाबाद हाईकोर्ट के तीन महीने के भीतर पंचायत चुनाव कराने संबंधी आदेश के बाद संभावित उम्मीदवार सक्रिय हो गए हैं। जिले की 576 ग्राम पंचायतों में दावेदार संपर्क मजबूत करने में जुटे हैं। तिगरी मेले में जुटे ग्रामीणों के बीच उन्हें जनसंपर्क का अच्छा मौका मिला। परिवार और परिचितों से मुलाकात के बहाने ग्राम प्रधान और जिला पंचायत अध्यक्ष पद के दावेदारों ने डेरों में घूमकर समर्थन मांगा और लोगों के सामने हाथ जोड़े।

सामाजिक संगठनों के शिविर भी राजनीतिक दृष्टि से अहम रहे

मेले में क्षत्रिय, यादव, प्रजापति, जाट और जाटव समेत विभिन्न समाजों के संगठनों के शिविर राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे। यहां सामाजिक गतिविधियों के साथ क्षेत्रीय मुद्दों और राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा हुई। भाजपा, सपा, बसपा और रालोद समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने भी इन आयोजनों के जरिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संपर्क मजबूत किया।

विधानसभा चुनाव के लिए भी अहम रहा मेला

आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए तिगरी मेले का राजनीतिक महत्व बढ़ गया है। जिले की चारों विधानसभा सीटों पर विभिन्न दलों के नेताओं और दावेदारों की नजर है। धनौरा क्षेत्र में लगने वाले मेले में भाजपा विधायक राजीव तरारा, हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों और जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर की सक्रियता चर्चा में रही। नौगावां सादात से सपा विधायक समरपाल सिंह और अमरोहा विधायक महबूब अली समेत अन्य दलों के नेताओं को भी संपर्क बढ़ाने का मौका मिला। सपा नेता व पूर्व मंत्री जगराम सिंह सिंह भी मेले में दिखाई दिए।

करीब 24 लाख आबादी, 12.48 लाख से अधिक मतदाता

अमरोहा लोकसभा क्षेत्र में जिले की नौगावां सादात, मंडी धनौरा, हसनपुर और अमरोहा विधानसभा सीटों के साथ हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर सीट शामिल है। जिले की आबादी करीब 24 लाख और ग्राम पंचायतों की संख्या 576 है। इनमें 10,47,068 महिला और पुरुष मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं, जिले की चारों विधानसभा सीटों पर करीब 12,48,111 मतदाता हैं। इतनी बड़ी आबादी और मतदाता संख्या के चलते ग्रामीण क्षेत्रों की चुनावी भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान के साथ आज मेले का समापन

15 से 25 नवंबर तक आयोजित तिगरी गंगा मेले का मुख्य स्नान 24 नवंबर (आज) कार्तिक पूर्णिमा पर हुआ। लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा और स्वच्छता के इंतजाम किए। सीसीटीवी कैमरों, खोया-पाया केंद्र और पुलिस बल के जरिए सुरक्षा संभाली गई। मेला संपन्न होने के बाद भी इसकी राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। इस बार तिगरी की रेती पर आस्था के साथ सियासी समीकरणों की खिचड़ी भी खूब पकी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X