रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उदयपुर जिला प्रमुख चुनाव कल:उम्मीदवारों के नाम पर सस्पेंस बरकरार, क्रॉस वोटिंग की आशंका से सियासी हलचल – Udaipur Zila Pramukh Election Tomorrow: Candidate Names Under Wraps, Cross-voting Fears Stir Political Activit
उदयपुर

उदयपुर जिला प्रमुख चुनाव कल:उम्मीदवारों के नाम पर सस्पेंस बरकरार, क्रॉस वोटिंग की आशंका से सियासी हलचल – Udaipur Zila Pramukh Election Tomorrow: Candidate Names Under Wraps, Cross-voting Fears Stir Political Activit

November 24, 2026


उदयपुर जिला प्रमुख पद के लिए 25 नवंबर को चुनाव होगा। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने अब तक अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं। माना जा रहा है कि दोनों पार्टियां नामांकन से ठीक पहले प्रत्याशियों के नाम का एलान करेंगी। जिला परिषद में भाजपा के पास बहुमत है, लेकिन कांग्रेस भी जिला प्रमुख पद के लिए अपना उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। ऐसे में चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंका को लेकर भी राजनीतिक हलचल बनी हुई है।

उदयपुर नगर निगम में मेयर चुनाव के दौरान जिस तरह नामांकन से पहले भाजपा ने अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा की थी, उसी तरह जिला प्रमुख चुनाव में भी दोनों पार्टियां आखिरी समय में प्रत्याशी घोषित कर सकती हैं। भाजपा की ओर से जिला प्रमुख पद के प्रमुख दावेदारों में हिम्मत सिंह झाला और चंद्रगुप्त सिंह चौहान के नाम चर्चा में हैं। हालांकि पार्टी में अन्य दावेदार भी अपनी दावेदारी जता रहे हैं। अभी तक किसी भी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

जिला प्रमुख के निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया जिला परिषद सभागार में संपन्न होगी। सुबह 10 बजे बैठक की प्रक्रिया शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 1 बजे तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के तुरंत बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: राजस्थान: सीएम बदलने की चर्चा छेड़कर पलटे किरोड़ी, अब भजनलाल के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का ऐलान

पंचायती राज संस्थाओं में जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव के लिए कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। जिसमें 25 नवंबर को जिला प्रमुख का चुनाव, 26 को उप जिला प्रमुख का चुनाव, 27 को प्रधान का चुनाव

और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव होगा।

जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने छह अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान अधिकारी नियुक्त किया है। इनमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेन्द्र ओझा, वरिष्ठ प्रबंधक आरएसएमएम दीपक मेहता, निर्वाचन टीम के गोविन्द औदिच्य, रूद्रम जोशी, चन्द्रप्रकाश जोशी और राकेश जादू शामिल हैं। जिला परिषद में भाजपा के बहुमत के बावजूद जिला प्रमुख चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। अब सभी की निगाहें भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा और 25 नवंबर को होने वाले मतदान के परिणाम पर टिकी हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X