पाकिस्तान में सिंध प्रांत को बांटकर नए प्रांत बनाने की योजना के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और पंजाब के दबदबे वाले सत्ता प्रतिष्ठान पर सिंध को बांटने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए हजारों लोग कराची की सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि सिंध की एकता से कोई समझौता नहीं होगा। सिंधी संगठनों ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर पंजाब की आर्थिक नाकेबंदी भी की जा सकती है।
प्रदर्शनकारियों ने क्या चेतावनी दी?
सिंधी राष्ट्रवादी संगठन जिए सिंध मुत्ताहिदा महाज (जेएसएमएम) के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में लोग रंग-बिरंगी बसों पर सवार होकर पहुंचे। उन्होंने पारंपरिक सिंधी अज्रक की चादरें और टोपियां पहन रखी थीं। प्रदर्शन के दौरान सिंधुदेश के समर्थन में नारे लगाए गए। संगठन ने पंजाब प्रांत की आर्थिक नाकेबंदी करने की चेतावनी देते हुए कहा कि सिंध की पहचान और एकता को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा।
सिंध के अलावा किन इलाकों में हुआ प्रदर्शन?
कराची के साथ सिंध के कई अन्य इलाकों में भी विरोध प्रदर्शन हुए। राष्ट्रवादी संगठनों ने सेना प्रमुख आसिम मुनीर और पंजाब के दबदबे वाले सत्ता प्रतिष्ठान पर सिंध को बांटने की साजिश रचने का आरोप लगाया। कराची में एक ही समय पर विरोधी रैलियां होने से टकराव की आशंका भी बढ़ गई है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने नए प्रांत बनाने का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद विरोध तेज हो गया।
बिलावल भुट्टो ने सरकार को क्या चेतावनी दी?
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के प्रमुख बिलावल भुट्टो-जरदारी ने भी सिंध को बांटने की कोशिश पर सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा हुआ तो लोग हथियार उठा सकते हैं और कराची तथा हैदराबाद की सड़कों पर खूनखराबा हो सकता है। पाकिस्तान में अभी चार प्रांत हैं। योजना मंत्री अहसान इकबाल ने इनकी संख्या बढ़ाकर 12 से 15 करने की बात कही है। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने 22 नवंबर को कहा था कि जनमत संग्रह पर चर्चा साल के अंत तक ठोस रूप ले सकती है।
अलग सिंधुदेश की मांग क्यों उठ रही है?
सिंधी राष्ट्रवादी संगठनों का कहना है कि सिंध उनकी ऐतिहासिक मातृभूमि है। इसकी अपनी भाषा, सभ्यता और अलग पहचान है। इसी आधार पर वे पाकिस्तान से अलग स्वतंत्र और धर्मनिरपेक्ष सिंधुदेश की मांग कर रहे हैं। इस मांग को 1971 में बांग्लादेश बनने के बाद जीएम सैयद ने आगे बढ़ाया था। सात दिसंबर 2025 को सिंधी संस्कृति दिवस पर भी स्वतंत्रता समर्थक प्रदर्शन हुए थे। उस दौरान कराची में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प की खबरें आई थीं।