फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र में तालाब किनारे खुले में रखी तेजाब की बोतल छह साल की मासूम के लिए जानलेवा साबित हुई। खेलते समय बच्ची ने बोतल में भरे तेजाब को पानी समझकर पी लिया। उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को परिजन ट्रामा सेंटर ले गए। यहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है।
थाना दक्षिण क्षेत्र के कन्हैया नगर नई आबादी निवासी योगेश राठौर की छह वर्षीय बेटी सोना सिरोहिया गार्डन के पास तालाब किनारे खेल रही थी। पिता योगेश राठौर ने बताया कि कई बार तालाब में पानी न भरने की शिकायत की जा चुकी है। आरोप है कि इधर-उधर के लोग वहां आकर कपड़े धोते हैं और उसमें तेजाब डालकर बोतल वहीं छोड़ जाते हैं। खेलते समय पड़ोसी का बेटा वहां से तेजाब की बोतल उठा लाया और अनजाने में सोना को पानी समझकर पिला दिया।
जांच में जुटी पुलिस
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तालाब किनारे तेजाब की बोतल किसने रखी थी और वह वहां कैसे पहुंची, पुलिस इसकी जानकारी जुटा रही है।