रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़िरोज़ाबाद

Firozabad News:दो ठेकेदारों की फर्मों पर 1.50 लाख का जुर्माना, ब्लैकलिस्ट की चेतावनी – Rs 1.50 Lakh Fine Imposed On Two Contractors’ Firms; Warning Of Blacklisting Issued

November 28, 2026


फिरोजाबाद। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एन-कैप) के तहत नाला, साइड पटरी और ट्री गार्ड लगाने के कार्यों में शिथिलता व निर्माण संबंधी अनियमितताओं के चलते नगर निगम ने दो ठेकेदार फर्मों पर कुल 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही तय समय में काम पूरा न करने पर दोनों फर्मों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी गई है।

एन-कैप योजना के तहत वार्ड संख्या 25 में ढोलपुरा से उमा ग्लास वर्क्स तक नाला निर्माण एवं सड़क पटरी निर्माण की जिम्मेदारी मैसर्स एमकेडी इंफ्राटैक को सौंपी गई थी। आरोप है कि धीमी कार्यप्रगति के कारण नाला निर्माण अभी तक अधूरा है और हाल ही में बनी सड़क पटरी की इंटरलॉकिंग टाइल्स भी चटकने लगी हैं। वहीं, वार्ड संख्या 27 में नाला निर्माण की नामित संस्था मैसर्स एनपी ट्रेडर्स के खिलाफ अनियमितता बरतने तथा साइड पटरी व ट्री गार्ड न लगाने की शिकायतें थीं। क्षेत्रीय पार्षद व स्थानीय लोगों की शिकायतों पर अवर अभियंता से जांच कराई गई।

एक पखवाड़े का अल्टीमेटम, मुख्य अभियंता ने दी चेतावनी

नगर निगम के मुख्य अभियंता (निर्माण) आरके सिंह ने बताया कि अवर अभियंता की जांच रिपोर्ट के आधार पर मैसर्स एमकेडी इंफ्राटैक पर एक लाख रुपये और एनपी ट्रेडर्स पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। दोनों फर्मों ने एन-कैप के तहत स्वीकृत कार्यों को पूरा करने में अनावश्यक देरी की और निर्माण में अनियमितताएं सामने आईं। यदि एक पखवाड़े के भीतर निविदा की शर्तों के अनुसार कार्य पूर्ण नहीं कराया गया, तो दोनों फर्मों को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X