रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:यहां लगता है देश-दुनिया का ‘अनोखा भूतों का मेला’, पूरी रात तंत्र-मंत्र व रहस्यमयी अनुष्ठानों का दौर – Bihar News Ghost Fair Is Held At Kaunharaghat In Hajipur Tantrics Kept Doing The Game Of Exorcising Ghosts
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार:यहां लगता है देश-दुनिया का ‘अनोखा भूतों का मेला’, पूरी रात तंत्र-मंत्र व रहस्यमयी अनुष्ठानों का दौर – Bihar News Ghost Fair Is Held At Kaunharaghat In Hajipur Tantrics Kept Doing The Game Of Exorcising Ghosts

November 24, 2026


वैशाली में एक तरफ देश चांद पर पहुंच गया है, तो दूसरी तरफ वैशाली जिले के हाजीपुर में आज भी एक ऐसी परंपरा जीवित है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह जाता है। कार्तिक पूर्णिमा की रात हाजीपुर के ऐतिहासिक कौनहारा घाट पर देश-दुनिया का अनोखा ‘भूतों का मेला’ लगता है।

गंगा-गंडक के संगम तट पर कार्तिक पूर्णिमा से एक रात पहले ही यह मेला शुरू हो जाता है। स्थानीय भाषा में इसे ‘भूत खेली’ कहा जाता है। रात होते ही घाटों पर हजारों की संख्या में तांत्रिक, ओझा, भगत और अघोरी साधक जुटने लगते हैं। कई किलोमीटर तक फैले घाट क्षेत्र में जगह-जगह ओझाओं की मंडलियां सज जाती हैं।

पूरी रात चलता है अनुष्ठानों का दौर

मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात काली शक्तियां सक्रिय हो जाती हैं। इसी रात तांत्रिक श्मशान में बैठकर मसान साधना, खप्पर पूजा और मां तारा व महाकाली की विशेष पूजा करते हैं। दूर-दराज से आए श्रद्धालु प्रेत बाधा और असाध्य बीमारियों से मुक्ति की कामना लेकर यहां पहुंचते हैं।

मेले में आए तांत्रिकों का दावा है कि वे बिना किसी खर्च के लोगों को प्रेत बाधा से मुक्ति दिलाते हैं। कई तांत्रिकों ने बताया कि वे वर्षों से कामाख्या सहित देश के विभिन्न शक्तिपीठों में साधना करने के बाद यहां पहुंचते हैं।

झाड़-फूंक और रहस्यमयी मंत्र

मेले के दौरान घाट पर अजीबोगरीब दृश्य देखने को मिलते हैं। कहीं ओझा रहस्यमयी मंत्रों का उच्चारण करते नजर आते हैं, तो कहीं झाड़-फूंक का दौर चलता रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूतों की भाषा सिर्फ ओझा और भगत ही समझ पाते हैं। 

गज-ग्राह की पौराणिक भूमि

कौनहारा घाट की महिमा का वर्णन शास्त्रों में भी मिलता है। मान्यता है कि यहीं गज और ग्राह के बीच युद्ध हुआ था। जब ग्राह ने गज को पानी में खींच लिया, तब गज ने भगवान नारायण का स्मरण किया। भक्त की पुकार सुनकर स्वयं श्रीहरि विष्णु गरुड़ पर सवार होकर यहां पहुंचे और गज की रक्षा की। तभी से इस घाट को मोक्ष भूमि माना जाता है।

सुबह गंगा स्नान के साथ होता है समापन

पूरी रात चलने वाले इस रहस्यमयी मेले के बाद सुबह होते ही लाखों श्रद्धालु गंगा-गंडक के संगम में आस्था की डुबकी लगाते हैं। मेले को लेकर जिला प्रशासन भी अलर्ट रहता है। घाटों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाती है। आस्था हो या अंधविश्वास, हाजीपुर का यह ‘भूतों का मेला’ हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X