रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पलवल

Palwal News:टनल धंसाव की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित – Three-member Team Formed To Investigate Tunnel Collapse

November 24, 2026


100 मीटर के दायरे में अब भी खतरा, चार और भवन खाली कराने के निर्देश

संवाद न्यूज एजेंसी

तावडू। हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की निर्माणाधीन टनल में हुए धंसाव की जांच के लिए रेलवे ने तीन सदस्यीय विशेषज्ञ टीम गठित की है। टीम ने जांच शुरू कर दी है। इसमें आईआईटी के प्रोफेसर और रेलवे के सेवानिवृत्त अधिकारी सहित अनुभवी विशेषज्ञ शामिल हैं। इसके अलावा एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी भी गठित की गई है। टीम धंसाव के कारणों और निर्माण कार्य में संभावित तकनीकी खामियों का पता लगाएगी।

हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के निदेशक राजीव रंजन ने बताया कि करीब एक किलोमीटर के हिस्से में चट्टानों के बीच सुरंग की खुदाई होनी थी। ढाई किलोमीटर क्षेत्र में काम पूरा हो चुका था। इसी दौरान अरावली की चट्टानों के बीच रेत का हिस्सा आने से धंसाव शुरू हुआ। पांच अक्तूबर से शुरू हुई यह प्रक्रिया लगातार बढ़ती गई और अब आबादी क्षेत्र तक पहुंच गई है।

प्रभावितों को मिलेगा मुआवजा

निदेशक ने बताया कि फिलहाल 100 मीटर के दायरे में खतरा बना हुआ है। प्रभावित क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित भवनों के आसपास माइक्रो पाइलिंग का काम भी शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को तीन महीने का अग्रिम किराया दिया गया है। चार अन्य भवनों को खाली कराने के निर्देश दिए गए हैं। इनके मालिकों को भी अग्रिम किराया मिलेगा। क्षतिग्रस्त भवनों की क्षतिपूर्ति की मंजूरी मिल चुकी है और एक सप्ताह में राशि जारी कर दी जाएगी। फसल मुआवजे में बैंक खातों की तकनीकी खामियां दूर कर ली गई हैं। जल्द किसानों को भी राशि वितरित होगी। उन्होंने कहा कि पूरी साइट पर निगरानी रखी जा रही है और विशेषज्ञ दिन-रात जांच में जुटे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X