Jind News:मेले में गए युवक को घर छोड़ने के बहाने ले जाकर बनाया बंधक बेरहमी से पीटा – A Young Man Who Had Gone To A Fair Was Taken Away Under The Pretext Of Being Dropped Home, Then Held Captive And Beaten Mercilessly
जुलाना। कस्बे में पुरानी रंजिश के चलते झमौला गांव निवासी अंबर सिंह को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने उसे हाथ-पैर बांधकर दो से तीन घंटे तक डंडों से पीटा। इसके बाद छाती पर रिवाल्वर तानकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंबर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी करते हैं। 22 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्त अमित निवासी शादीपुर के साथ जुलाना के मुख्य बाजार में शराब ठेके के पास खड़े थे। इसी दौरान करसोला निवासी गौतम ठेकेदार का फोन आया और पुराना थाना ग्राउंड में लगे मेले में बुलाया।
शिकायत के अनुसार, अंबर और अमित अपनी क्रेटा गाड़ी पार्किंग में खड़ी कर मेले में घूमने चले गए थे। वहां निवासी जुलाना गौतम, प्रवीन उर्फ सेठी, करसोला निवासी सुनील उर्फ सिन्हा और एक अन्य युवक शराब पी रहे थे। उनके कहने पर अंबर और अमित ने भी शराब पी ली।
कुछ देर बाद प्रवीन अंबर को घर छोड़ने के बहाने मेले के गेट पर ले गया। इसके बाद उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने मकान पर ले गए। जब अंबर ने वापस मेले में छोड़ने के लिए कहा तो आरोपियों ने उन्हें कुछ देर रुकने को कहा। इसी दौरान दो अन्य युवक बाहर आए और चारों ने मिलकर उसे जबरन बैठक में ले जाकर बंधक बना लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और जेब से दो मोबाइल फोन व 22 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद डंडों और बेंटों से दो से तीन घंटे तक मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक आरोपी ने अपनी मां से रिवाल्वर मंगवाया, उसमें गोलियां लोड कीं और अंबर की छाती पर तानकर जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी कमल ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
