बारी पधर में पेयजल संकट पर पांच पंचायतों के लोगों ने बैठक कर बनाई आंदोलन की रणनीति
बोले- आपदा में क्षतिग्रस्त उठाऊ पेयजल और सिंचाई योजनाएं अब तक बहाल नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। खराहल घाटी में पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को बारी पधर में स्थानीय लोगों की बैठक हुई। जिला परिषद सदस्य अनिल राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पांच पंचायतों के लोगों ने जल शक्ति विभाग के प्रति नाराजगी जताई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आंदोलन शुरू करने से पहले विभाग के अधिकारियों से अंतिम बार योजनाओं की बहाली और लंबित कार्यों की स्थिति पूछी जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन करेंगे।
अनिल राणा ने बताया कि वर्ष 2025 में आई बाढ़ से क्षेत्र की उठाऊ पेयजल और सिंचाई योजनाएं क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसके बाद से लोगों को इन योजनाओं से न तो पीने का पानी मिल रहा है और न ही खेतों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो पा रहा है। लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन योजनाओं की बहाली नहीं हो पाई है।
बैठक में लोगों ने कहा कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। विभागीय अधिकारियों से योजनाओं को दोबारा शुरू करने की समय-सीमा पूछी जाएगी। यदि इस बार भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आगामी दिनों में आंदोलन किया जाएगा। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, बीडीसी सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।