रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पंचकूला

Panchkula News:पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ – The 24-kund Gayatri Mahayajna Concluded With The Purnahuti (final Offering)

November 24, 2026


प्रवचनों में नशामुक्ति, सादगीपूर्ण विवाह और संस्कारों का दिया संदेश

संवाद न्यूज एजेंसी

बरवाला। खंड के गांव कामी में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में जिला गायत्री ट्रस्ट, गायत्री शक्तिपीठ टाबर और गायत्री प्रज्ञा मंडल की ओर से आयोजित 24 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा प्राण कथा का पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार से आई विद्वानों की टोली ने प्रवचन दिए और सभी धार्मिक कर्मकांड विधि-विधान से संपन्न करवाए।

यज्ञ में रोग निवारण और अच्छे स्वास्थ्य के लिए विशेष आहुतियां डलवाई गईं। यज्ञ में दंपती जोड़ों ने परिवार सहित भाग लेकर पूर्णाहुति डाली और सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर ट्रस्ट के सुरेंद्र सिंह तोमर, संदल सिंह, अशोक पटेल, नीरज विश्वकर्मा, निवास तिवारी और पंडित राम शर्मा आचार्य ने गायत्री मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस दौरान दो नवजात शिशुओं का नामकरण संस्कार भी करवाया गया। वक्ताओं ने खर्चीली शादियों पर रोक लगाने, युवाओं को नशे से दूर रखने और सनातनी संस्कृति से जोड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में हरीश शर्मा, तरसेम शर्मा, ठाकुरदास, पूर्व सरपंच पवन कुमार, विजेंद्र शर्मा, दीपक शर्मा, पंकज शर्मा, सुमन रानी, रजनीश रानी, उषा रानी, रमन राणा और ममता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X