रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:महिला के शव पर अधिकार के लिए हुआ विवाद, दौड़ी पुलिस – Dispute Over The Possession Of The Woman’s Body, Police Rushed To The Spot
हाथरस

Hathras News:महिला के शव पर अधिकार के लिए हुआ विवाद, दौड़ी पुलिस – Dispute Over The Possession Of The Woman’s Body, Police Rushed To The Spot

November 24, 2026


हाथरस। कोतवाली सदर के मोहल्ला अहियापुर में सोमवार की शाम को 38 वर्षीय रिचा का शव फंदे पर लटका मिला था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के दौरान मायके व ससुराल पक्ष आमने-सामने आए गए। शव पर अधिकार जमाते हुए दोनों अंतिम संस्कार अपने अनुसार करने की जिद पर अड़ गए।

पोस्टमार्टम हाउस पर बनी विवाद की स्थिति पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। काफी देर चली नोकझोंक के बीच दोनों पक्ष अंतिम संस्कार के लिए शव मथुरा ले जाने पर तैयार हुए। पोस्टमार्टम होने तक मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

रिचा के भाई मोहित चौहान निवासी साईं ग्लोरी अपार्टमेंट, द्वारिका, सेक्टर-14, दिल्ली ने बताया कि वे लोग मूलरूप से मैनपुरी के रहने वाले हैं, लेकिन काफी समय दिल्ली में ही रह रहे हैं। वर्ष 2015 में उन्होंने बहन रिचा की शादी मनीष निवासी अहियापुर से की थी। मनीष सीए के यहां एकाउंटेंट है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले आए दिन उनकी बहन को परेशान करते थे। रिचा की भाभी साक्षी ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न व यहां तक कि पति के अनैतिक प्रेम संबंध होने के भी आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से मनीष अपनी ससुराल नहीं आते थे। रिचा को ही अकेले भेज देते थे। सोमवार की दोपहर भी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद रिचा से फोन पर बात हुई थीं। वह काफी परेशान थी। साक्षी ने आरोप लगाया कि पति ने धमकी भी दी थी कि अब वह जिंदा नहीं बचेगी।

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद रिचा के ससुर रघुराज सिंह ने इन आरोपों को गलत ठहराया। उन्होंने बताया कि पिछले ही हफ्ते ही मनीष की बेटी का जन्मदिन मनाया गया था, जिसमें सभी मायके वाले आए थे। घर में सब ठीक था। अचानक बहू ने यह कदम उठा लिया। घटना के समय वे अपने हिस्से के मकान में थे, जबकि मनीष बाजार गया हुआ था। मनीष का छह साल का बेटा व आठ साल की बेटी दादा-दादी के पास थे। शाम करीब पांच बजे जब ट्यूशन टीचर घर पहुंचा और दरवाजा नहीं खुला तो रिचा के फंदे पर लटके होने की जानकारी मिली।

इन्हीं आरोप-प्रत्यारोपों के बीच दोनों पक्ष पोस्टमार्टम हाउस पर भिड़ गए और मारपीट की नौबत आ गई। पुलिस ने बीच-बचाव किया। इसके बाद शव के अंतिम संस्कार पर कहासुनी हो गई। मायके वाले शव दिल्ली ले जाने की कहने लगे, जबकि ससुराल पक्ष गांव में अंतिम संस्कार की बात कह रहा था। काफी देर चले विवाद के बाद पुलिस के बीच मथुरा में यमुना तट पर अंतिम संस्कार पर सहमति बनी।

बेटे से अंतिम संस्कार कराने पर भी विवाद

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पति मनीष पोस्टमार्टम हाउस पर नजर नहीं आया। सोमवार रात मायके वालों से हुई झड़प के बाद वह नहीं आया। इधर, सहमति के बाद मायके पक्ष ने बच्चों को मां के अंतिम दर्शन व बेटे से अंतिम संस्कार की रस्म कराने की बात कही, लेकिन ससुराल पक्ष ने असहमति जाहिर कर दी तथा खुद को व बच्चों को खतरा बताया। इस बात पर भी कहासुनी हुई, फिर बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर ससुराल पक्ष को राजी किया।

पैनल से कराया गया पोस्टमार्टम, मौत की वजह हैंगिंग

विवाद की स्थिति बनने पर एसपी के निर्देश पर पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है। कोई एंटी मॉर्टम इंजरी भी शरीर पर नहीं मिली है, इसलिए मारपीट कर हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।

अंतिम संस्कार के लिए दोनों पक्षों में मतभेद हुआ था, जिसे पुलिस की मौजूदगी में दूर करा दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग है, जो कि आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है। मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले में जांच की जा रही है।

-रामानंद कुशवाहा, एएसपी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X