मैनपुरी। घिरोर तहसील क्षेत्र से जुड़े एक राजस्व विवाद मामले में लंबे समय से क्षेत्रीय लेखपाल ने आख्या नहीं भेजी। इस वजह से सुनवाई रुकी हुई है। जिलाधिकारी ने एसडीएम को लापरवाह लेखपाल पर कार्रवाई व तत्काल आख्या प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। मामला तहसील घिरोर क्षेत्र के मौजा कल्होर की भूमि राजस्व प्रक्रिया से संबंधित है। जिसमें वादी घनश्याम सिंह निवासी कस्बा घिरोर ने विपक्षियों के विरुद्ध राजस्व संहिता की धारा 128 के तहत वाद दायर किया था। वादी ने प्रार्थना पत्र दिया कि मामले में उपजिलाधिकारी घिरोर से आख्या मंगाई जानी थी और फाइल अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के न्यायालय में स्थानांतरित की गई थी। बार-बार पत्राचार के बावजूद क्षेत्रीय लेखपाल ने आख्या प्रस्तुत नहीं की। जिससे वाद के निस्तारण में देरी हो रही है। इसी आधार पर फाइल को वापस जिलाधिकारी न्यायालय में स्थानांतरित (रिकॉल) किया जाए। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने अपने आदेश में वाद को अन्य न्यायालय से मंगाने (रिकॉल करने) के लिए प्रस्तुत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया गया। आदेश में एसडीएम को आख्या प्रस्तुत न करने पर क्षेत्रीय लेखपाल के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने व तत्काल रिपोर्ट मंगाने के निर्देश दिए हैं।अवर न्यायालय को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि आवश्यक आख्या प्राप्त कर एक माह में वाद का निस्तारण करें।