Banda News:खाद वितरण में किसानों को परेशान किया तो कार्रवाई – Action Will Be Taken If Farmers Are Harassed During Fertilizer Distribution
बांदा। खाद वितरण में किसानों को अनावश्यक परेशान करने और लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
मंडल की सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध रखी जाए। वहीं, चित्रकूट में लंबित सड़क निर्माण कार्य 15 दिन में पूरे कराए जाएं। यह निर्देश आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने सोमवार को मंडल स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए।
आयुक्त कार्यालय सभागार में हुई बैठक में आयुक्त ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समितियों का नियमित निरीक्षण किया जाए। खाद वितरण में लापरवाही या किसानों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में आयुक्त ने उन गांवों में प्राथमिकता से पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए, जहां अभी तक आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो सकी है। पाइपलाइन, नल और पानी की आपूर्ति के लिए खोदी गई सड़कों को भी जल्द ठीक कराया जाए।
लोक निर्माण विभाग को खराब सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क प्राथमिकता से कराने को कहा। डिवाइडरों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चित्रकूट की ओर से कुछ सड़कों के काम लंबित होने की जानकारी देने पर संबंधित अधिकारियों को 15 दिन में काम पूरा कराने की समयसीमा दी।
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना की समीक्षा में आयुक्त ने पात्र छात्राओं की सूची और वितरण की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। आगामी निर्वाचन के मद्देनजर बीएलओ के माध्यम से नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराने को कहा।
आयुक्त ने अधिकारियों को स्वयं गोशालाओं का निरीक्षण करने को कहा। आईसीडीएस योजनाओं में बांदा और हमीरपुर की प्रगति सुधारने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी, जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग, जिलाधिकारी हमीरपुर समेत मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।
