रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ग़ाज़ीपुर

Ghazipur News:क्रैश बैरियर से लैस होने वाला जिले का पहला सेतु बनेगा हमीद सेतु – Hamid Setu Will Become The First Bridge In The District To Be Equipped With Crash Barriers

November 25, 2026


गाजीपुर। परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद के नाम से गंगा में निर्मित हमीद सेतु के नाम एक खास तगमा जुड़ने जा रहा है। हमीद सेतु पर क्रैश बैरियर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अब तक यह सुविधा जनपद के किसी भी सेतु पर उपलब्ध नहीं है। हमीद सेतु पर 80 लाख की लागत से क्रैश बैरियर का निर्माण कराया जाएगा। इससे हादसे के बाद कोई भी वाहन गंगा नदी में नहीं गिर पाएगा।

समय-समय पर गंगा पर निर्मित अब्दुल हमीद सेतु पर हादसे होते रहते हैं। कई बार हादसे के बाद वाहन हमीद सेतु की रेलिंग को तोड़ते हुए गंगा में गिर जाते हैं। इनको निकालने में खासा मशक्कत करना पड़ता है। नदी से वाहनों को निकालने में क्रेन वगैरह का सहारा लेना पड़ता है। इस पूरी कवायद से बचने के लिए और हमीद सेतु पर सड़क हादसों को रोकने के लिए क्रैश बैरियर लगाने का निर्णय एनएचआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की ओर से लिया गया है।

क्रैश बैरियर लग जाने के बाद गंगा नदी में कोई भी वाहन हादसे के बाद नहीं गिर पाएगा। एनएचआई की ओर से जनवरी वर्ष 2026 में हमीद सेतु पर क्रैश बैरियर लगाने का प्रस्ताव परिवहन मंत्रालय को भेजा गया था। इसकी मंजूरी मिलने के साथ ही मंत्रालय की ओर से बजट भी जारी कर दिया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद टेंडर वगैरह की प्रक्रिया पूरी करने के बाद एनएचआई ओर से हमीद सेतु पर क्रैश बैरियर लगाने को लेकर मार्किंग करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। एनएचआई का दावा है कि 15 दिनों में हमीद सेतु पर क्रैश बैरियर लगाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

———————

1100 मीटर लंबे सेतु का निर्माण 1984-85 में पूरा हुआ

वीर अब्दुल हमीद सेतु की आधारशिला वर्ष 1974 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी ने रखी थी। करीब 1100 मीटर लंबे इस सेतु का निर्माण 1984-85 में पूरा हुआ और इसके बाद इसे आवागमन के लिए खोल दिया गया। यह सेतु गाजीपुर के साथ बिहार और पूर्वांचल के कई इलाकों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसका नाम 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस दिखाने वाले परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के नाम पर रखा गया है।

——————

क्या होता है क्रैश बैरियर

क्रैश बैरियर सड़क और सेतु सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण उपकरण है, जिसे अनियंत्रित वाहनों को सड़क व सेतु से बाहर जाने, डिवाइडर पार करने या खतरनाक बाधाओं से टकराने से रोकने के लिए लगाया जाता है। यह टक्कर की ऊर्जा को सोखकर वाहन को सुरक्षित दिशा में मोड़ने में मदद करता है, जिससे गंभीर चोट और नुकसान कम होता है।

——————

हमीद सेतु पर क्रैश बैरियर लग जाने के बाद हादसों पर रोक लगेगी। साथ ही हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन गंगा नदी में भी नहीं जा पाएंगे। क्रैश बैरियर लगाने का कार्य 15 दिनों में पूरा हो जाएगा। – अजय सिंह, पीडी एनएचआई

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X