मोहनपुरा। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को कस्बे में सुबह महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक तुलसी पूजन किया और शाम को घरों में दीपक जलाकर देव दिवाली मनाई गई। पूजन के दौरान महिलाओं ने कार्तिक मास की कथा सुनी तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
कई महिलाओं ने पूरे कार्तिक मास भोर में स्नान कर पूजन की परंपरा निभाई। शाम को देव दिवाली पर बच्चों व युवाओं में खासा उत्साह दिखा। पुरोहित पंडित दिवाकर पचौरी ने बताया कि कार्तिक मास अत्यंत पुण्यदायी है।
इसमें ब्रह्म मुहूर्त में स्नान, विष्णु आराधना व तुलसी पूजन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि तुलसी भगवान विष्णु को प्रिय हैं और नियमित पूजन व दीपदान से घर में सुख-शांति व समृद्धि रहती है। उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दान, दीपदान और पूजा का खास महत्व है। संवाद