रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
चीजें रखकर भूल जाते हैं? उम्र का तकाज़ा नहीं, खराब नींद हो सकती है वजह! क्‍या है नींद और याददाश्त का गहरा कनेक्शन
नॉलेज

चीजें रखकर भूल जाते हैं? उम्र का तकाज़ा नहीं, खराब नींद हो सकती है वजह! क्‍या है नींद और याददाश्त का गहरा कनेक्शन

November 25, 2026


होमफोटोनॉलेज

चीजें रखकर भूल जाते हैं? उम्र का तकाज़ा नहीं, खराब नींद हो सकती है वजह!

Last Updated:

‘अरे मैंने अभी तो फोन यहां रखा था, कहां गया…’ या ‘कमरे में पहुंचते ही आप भूल जाएं कि आखिर किस काम के ल‍िए आए थे? कुछ देर पहले रखी चाबी खुद ही याद नहीं आती कहां रखी है… अक्‍सर जब भी लोग ऐसी छोटी-मोटी चीजें भूलते हैं तो उसका कनेक्‍शन बढ़ती उम्र, तनाव या काम के स्‍ट्रैस से जोड़ते हैं. लेकिन इसके पीछे एक बड़ी वजह नींद की कमी भी हो सकती है. दरअसल, नींद का हमारे दिमाग और याददाश्त से गहरा संबंध है.

हम अक्सर सोचते हैं कि सोते समय दिमाग भी आराम कर रहा होता है, लेकिन हकीकत इससे अलग है. रात में जब हम सो रहे होते हैं, तब हमारा दिमाग दिनभर मिली जानकारियों को सिस्‍टमेट‍िक तरीके से संजोने, जरूरी यादों को मजबूत बनाने और बेकार पदार्थों की सफाई करने जैसे कई जरूरी काम करता है. अगर हम ठीक से नहीं सोते या बार-बार नींद टूटती है, तो ये प्रक्रियाएं प्रभावित हो सकती हैं. इसका असर न सिर्फ अगले दिन हमारी एकाग्रता पर पड़ता है, बल्कि लंबे समय में याददाश्त और सीखने की क्षमता भी कमजोर हो सकती है.

सोते समय दिमाग करता है खुद की सफाई – वैज्ञानिकों ने लंबे समय से खराब नींद और याददाश्त से जुड़ी बीमारियों के बीच संबंध देखा है. कई रिसर्च में पाया गया है कि जिन लोगों की नींद ठीक नहीं रहती, उनके दिमाग में अल्जाइमर रोग से जुड़े दो प्रोटीन एमिलॉयड-बीटा और टाउ का स्तर ज्यादा हो सकता है. इन प्रोटीन का असामान्य तरीके से जमा होना दिमाग की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकता है.

हाल के कुछ अध्ययनों में वैज्ञानिकों ने यह समझने की कोशिश की कि रात में अच्छी नींद लेने और पूरी रात जागने के बाद दिमाग में क्या अंतर होता है. एक अध्ययन में पाया गया कि सामान्य रात की नींद लेने वाले लोगों के खून में एमिलॉयड-बीटा और टाउ प्रोटीन का स्तर उन लोगों की तुलना में ज्यादा था, जो पूरी रात जागते रहे. पहली नजर में यह नतीजा थोड़ा उल्टा लग सकता है. लेकिन वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसकी एक वजह यह हो सकती है कि नींद के दौरान दिमाग इन प्रोटीन को साफ करके खून में भेजता है, ताकि शरीर उन्हें बाहर निकाल सके.

Add News18 as
Preferred Source on Google

इस सफाई की प्रक्रिया में ग्लाइम्फैटिक सिस्टम की अहम भूमिका होती है. इसे आसान भाषा में दिमाग का सफाई तंत्र कह सकते हैं. जिस तरह शहर में रात के समय सफाई कर्मचारी सड़कों से कचरा हटाते हैं, उसी तरह यह सिस्टम दिमाग में जमा बेकार पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है. नींद के दौरान यह प्रक्रिया ज्यादा प्रभावी तरीके से काम करती है. यानी अच्छी नींद दिमाग को स्वस्थ रखने और याददाश्त से जुड़ी परेशानियों का जोखिम कम करने में मदद कर सकती है.

तनाव बिगाड़ता है नींद – नींद और याददाश्त का रिश्ता सिर्फ इतना नहीं है कि अच्छी नींद से याददाश्त बेहतर होती है. दिनभर हमारे साथ जो कुछ होता है, उसका असर रात की नींद पर भी पड़ता है. यानी दिन का अनुभव हमारी नींद तय कर सकता है और रात की नींद अगले दिन हमारे व्यवहार और याददाश्त को प्रभावित कर सकती है.

इस संबंध को समझने के लिए वैज्ञानिकों ने चूहों पर एक अध्ययन किया. इसमें एक समूह के चूहों को सकारात्मक अनुभव दिए गए, जबकि दूसरे समूह को तनावपूर्ण परिस्थितियों में रखा गया. शोधकर्ताओं ने पाया कि सोते समय चूहे दिनभर के अनुभवों को दोहराते हुए दिखाई दिए. हालांकि, यह प्रयोग चूहों पर किया गया था, फिर भी यह समझने में मदद मिलती है कि तनाव और खराब नींद एक-दूसरे को कैसे प्रभावित कर सकते हैं.

कई बार व्यक्ति रोजाना 7-8 घंटे बिस्तर पर बिताता है, लेकिन इसके बावजूद सुबह उठने पर थकान महसूस करता है. इसकी एक वजह नींद से जुड़ी बीमारी ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया हो सकती है. यह एक ऐसा विकार है, जिसमें सोते समय व्यक्ति की सांस बार-बार कुछ समय के लिए रुक जाती है. ऐसा गले की मांसपेशियों के ढीले पड़ने और सांस का रास्ता कुछ समय के लिए बंद होने के कारण होता है. इससे नींद बार-बार टूटती है और शरीर को गहरी नींद नहीं मिल पाती.

एक अनुमान के मुताबिक, दुनिया की करीब 9 से 38 प्रतिशत आबादी इस समस्या से प्रभावित हो सकती है. रिसर्च में यह भी सामने आया है कि गंभीर स्लीप एपनिया से पीड़ित लोगों का याददाश्त, एकाग्रता और सोचने-समझने की क्षमता से जुड़े टेस्ट में प्रदर्शन कमजोर हो सकता है.

खास बात यह है कि अवसाद और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखने के बाद भी यह अंतर देखा गया है. इसलिए अगर आपको बार-बार चीजें भूलने की परेशानी हो रही है और साथ में तेज खर्राटे आते हैं, नींद में सांस अटकती है, हांफते हुए नींद खुलती है या दिनभर बहुत ज्यादा नींद आती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

सोने और जागने का समय तय करें. हर दिन एक ही समय पर सोने और सुबह उठने की कोशिश करें. इससे शरीर की प्राकृतिक घड़ी यानी बॉडी क्लॉक बेहतर तरीके से काम करती है. सोने के कमरे में तेज रोशनी और शोर न हो. कमरे का तापमान भी आरामदायक रखें, ताकि बार-बार नींद न टूटे. चाय, कॉफी और एनर्जी ड्रिंक्स में मौजूद कैफीन नींद आने में परेशानी पैदा कर सकता है. इसलिए सोने से कम से कम छह घंटे पहले कैफीन का सेवन बंद कर देना बेहतर है.

कुछ लोगों को लगता है कि शराब पीने से जल्दी नींद आ जाती है, लेकिन इससे नींद की गुणवत्ता खराब हो सकती है. इसलिए सोने से तीन से चार घंटे पहले शराब से परहेज करना चाहिए. रात में सोने से पहले मोबाइल और दूसरे स्क्रीन वाले उपकरणों से दूरी बनाएं. इसकी जगह किताब पढ़ें, हल्की स्ट्रेचिंग करें, ध्यान लगाएं या गर्म पानी से नहाएं. इससे शरीर और दिमाग को आराम मिलने में मदद मिल सकती है.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया✅देखें.
शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X