रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरमौर

Sirmour News:एक घंटे में बनेंगी 500 रोटियां, गेलियो मंदिर में लगाई मशीन – 500 Rotis To Be Made Per Hour; Machine Installed At Gelio Temple

November 25, 2026


शिरगुल मंदिर गेलियो में तीन लाख रुपये से रोटी मेकर मशीन स्थापित

शादी समारोहों और आयोजनों के लिए भी रोटियां उपलब्ध करवाने की योजना

संवाद न्यूज एजेंसी

नौहराधार/हरिपुरधार (सिरमौर)। शिरगुल मंदिर गेलियो में होने वाले भंडारों और धार्मिक आयोजनों के लिए अब घंटों तक रोटियां बनाने की मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी। मंदिर की लंगर कमेटी गेलियो की ओर से तीन लाख रुपये से आधुनिक रोटी मेकर मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन की मदद से एक घंटे में करीब 500 रोटियां तैयार की जा सकेंगी।

मशीन का विधिवत पूजा-अनुष्ठान के बाद शुभारंभ किया गया। लंगर कमेटी के अध्यक्ष अतर सिंह ने बताया कि शिरगुल मंदिर गेलियो में समय-समय पर भंडारों और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार करने के दौरान सबसे अधिक समय रोटियां बनाने में लगता था।

उन्होंने बताया कि आधुनिक रोटी मेकर मशीन स्थापित होने से अब यह काम आसान हो जाएगा। एक घंटे में करीब 500 रोटियां तैयार होने से बड़े भंडारों में समय और श्रम दोनों की बचत होगी। लंगर कमेटी की योजना इस सुविधा को केवल मंदिर तक सीमित रखने की नहीं है। भविष्य में क्षेत्र में होने वाले शादी समारोहों, पार्टियों और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए भी मशीन के माध्यम से रोटियां तैयार कर उपलब्ध करवाने की योजना है।

इस मौके पर राजेंद्र सिंह, अतर सिंह, रूपेंद्र, धर्मपाल, उपप्रधान कपिल ठाकुर, जोगेंद्र सिंह, रणविजय, सुरेश और देवेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X