रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
पलवल

Palwal News:बीमारी गंभीर, जेब खाली और आयुष्मान पैकेज बंद; गरीब कहां जाएं? – A Serious Illness, Empty Pockets, And The Ayushman Package No Longer Available

November 25, 2026


निजी अस्पतालों में दो दर्जन बीमारियों के इलाज के पैकेज बंद होने की शिकायत

रिजवान खान

नूंह। गरीब के पास आयुष्मान कार्ड है, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर पता चलता है कि संबंधित उपचार का पैकेज उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सरकारी योजना से मुफ्त इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीजों को मायूस लौटना पड़ रहा है। नूंह जिले के निजी अस्पतालों में दो दर्जन से अधिक बीमारियों के उपचार से जुड़े आयुष्मान पैकेज बंद होने की शिकायत सामने आई है। इसका सीधा असर उन गरीब परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके लिए 25 से 30 हजार रुपये जुटाना भी बड़ी चुनौती है।

नंगली निवासी आफताब और कोलगांव निवासी उमर मोहम्मद पित्त की थैली में पथरी का ऑपरेशन कराने हुसैन अस्पताल पहुंचे थे। उन्हें उम्मीद थी कि आयुष्मान कार्ड से निशुल्क उपचार हो जाएगा, लेकिन योजना के तहत इलाज नहीं मिल सका। आखिरकार दोनों को बड़ी मुश्किल से उधार पैसे जुटाकर ऑपरेशन करवाना पड़ा।

इनके इलाज में आ रही परेशानी

शिकायतों के अनुसार निजी अस्पतालों में पित्त की थैली की पथरी, हर्निया, अपेंडिक्स, हाइड्रोसील और पाइल्स के ऑपरेशन के पैकेज उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा मोतियाबिंद, घुटना प्रत्यारोपण, बच्चेदानी का ऑपरेशन, सिजेरियन तथा मलेरिया, डेंगू, सामान्य बुखार और दस्त जैसी बीमारियों के उपचार में भी परेशानी आ रही है। हर्निया, अपेंडिक्स और पाइल्स के ऑपरेशन के लिए मरीजों से 25 से 30 हजार रुपये तक मांगे जा रहे हैं।

आयुष्मान योजना में छह निजी अस्पताल शामिल

नूंह में हुसैन, मलिक, बोहरा (फिरोजपुर झिरका), देवांश, अलसलाम और विश्वकर्मा (तीनों तावडू क्षेत्र में) जैसे निजी अस्पतालों में इस समस्या का असर बताया जा रहा है। अस्पताल संचालकों का दावा है कि हर महीने करीब 150 मरीज संबंधित उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन पैकेज उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ता है।

विभागीय वेबसाइट के अनुसार हरियाणा में आयुष्मान योजना के पैनल पर 777 निजी और 586 सरकारी अस्पताल सूचीबद्ध हैं। इनमें नूंह जिले में छह निजी अस्पताल और 23 सरकारी अस्पताल शामिल हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि इतने बड़े अस्पताल नेटवर्क के बावजूद गरीब मरीजों को उपचार के लिए भटकना क्यों पड़ रहा है?

वर्जन

आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पतालों में कुछ ऑपरेशन बंद किए गए हैं। हालांकि, सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत सभी इलाज जारी हैं। क्षेत्र के लोगों से अपील है कि वह सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना का खूब लाभ उठाएं। निजी अस्पतालों में कुछ ऑपरेशन बंद किए गए हैं यह सरकार का मामला है। – ज्योत्स्ना, सिविल सर्जन, नूंह

कोट

पित्त की थैली का ऑपरेशन कराने आए थे। आयुष्मान से इलाज नहीं मिला तो मजबूरी में उधार पैसे लेकर ऑपरेशन करवाना पड़ा। – आफताब, नंगली

आयुष्मान कार्ड इसी उम्मीद से बनवाया था कि बीमारी में मुफ्त इलाज मिलेगा। आखिरकार कर्ज लेकर ऑपरेशन करवाना पड़ा। – उमर मोहम्मद, कोलगांव

मेवात में अधिकांश गरीब परिवारों के लिए 25-30 हजार रुपये जुटाना आसान नहीं है। सरकार को बंद पैकेज जल्द बहाल करवाने चाहिए। – ताहिर हुसैन, अधिवक्ता

सरकार और अस्पतालों के बीच जो भी विवाद है, उसका खामियाजा गरीब मरीज क्यों भुगतें? स्वास्थ्य विभाग को तत्काल समाधान करना चाहिए। – हारून, सिंगार

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X