Jind News:क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर 6.41 लाख रुपये ठगे – Rs 6.41 Lakh Swindled Under The Pretext Of Getting A Credit Card Issued
जींद। पीएनबी का क्रेडिट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी करने का झांसा देकर साइबर ठग ने रोडवेज बस चालक के चार क्रेडिट कार्ड से 6 लाख 41 हजार 198 रुपये निकाल लिए। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भटनागर कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने पंजाब नेशनल बैंक में क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था। 18 नवंबर को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक कर्मचारी बताया और व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर प्रक्रिया पूरी करने का झांसा दिया। फाइल खोलते ही उसके चार क्रेडिट कार्ड से रकम निकलने के मैसेज आने लगे।
आरोपी ने बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्ड से 1,48,991 रुपये, आरबीएल से 5,800 रुपये, एक्सिस बैंक से 2,89,814 रुपये और एसबीआई के कार्ड से 2,16,328 रुपये निकाल लिए। प्रदीप ने तुरंत संबंधित बैंकों से संपर्क कर चारों कार्ड ब्लॉक करवाए। थाना प्रभारी जगदीप सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
