बिहार:dmch में मरीज की मौत के बाद परिजन की पिटाई, आयुक्त ने अधीक्षक समेत तीन अधिकारियों का वेतन रोका – Trolleyman Beats Family Members Patient Death Dmch
November 25, 2026

हंगामा करते परिजन
विस्तार
दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) में मरीजों के परिजनों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाओं को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने कड़ा रुख अपनाया है। अस्पताल में मरीज की मौत के बाद ट्रॉली मांगने पर ट्रॉली मैन द्वारा परिजन की पिटाई किए जाने के मामले में आयुक्त ने डीएमसीएच अधीक्षक, स्वास्थ्य प्रबंधक और मेडिसिन विभागाध्यक्ष का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश दिया है। आयुक्त ने अस्पताल की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के लिए विस्तृत निरीक्षण और दोबारा बैठक करने की भी बात कही है।
दरअसल, डीएमसीएच में पिछले दो दिनों के दौरान मरीजों के परिजनों के साथ मारपीट की कई घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार को मेडिसिन विभाग में इलाजरत एक मरीज की मौत के बाद परिजन ने शव ले जाने के लिए ट्रॉली मांगी थी। आरोप है कि इस दौरान ट्रॉली मैन ने परिजन के साथ मारपीट कर दी। इस घटना की जानकारी मिलने पर प्रमंडलीय आयुक्त ने अस्पताल के अधिकारियों को अपने कार्यालय में तलब किया और मामले को गंभीरता से लेते हुए जवाब-तलब किया।
वहीं, मंगलवार को इमरजेंसी विभाग में भी मारपीट की घटना सामने आई। बहेड़ी थाना क्षेत्र के अनिल कुमार सिंह सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उन्हें स्थानीय अस्पताल से डीएमसीएच रेफर किया गया था। मरीज के भाई प्रवीण कुमार सिंह के अनुसार, जब वह अपने भाई को लेकर इमरजेंसी पहुंचे तो डॉक्टर ने उनसे पूछा कि क्या करना है। इस पर उन्होंने दुर्घटना की जानकारी देते हुए इलाज शुरू करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद वहां मौजूद डॉक्टरों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। प्रवीण का यह भी आरोप है कि मारपीट के बाद उनके भाई का इलाज भी बंद कर दिया गया।
गलत विभाग में पहुंचने पर भी परिजन के साथ मारपीट का आरोप
मंगलवार दोपहर डीएमसीएच के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के न्यूरोलॉजी विभाग में भर्ती एक मरीज के परिजन गलती से इमरजेंसी विभाग पहुंच गए। वहां डॉक्टरों से पूछताछ करने पर कथित तौर पर जूनियर डॉक्टर नाराज हो गए और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा होने लगा। सूचना पर पहुंची बेंता थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
अस्पताल की व्यवस्था की होगी समीक्षा
लगातार सामने आ रही घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने डीएमसीएच अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा, उपाधीक्षक डॉ. अमित कुमार, डॉ. कमरुद्दीन और अन्य संबंधित अधिकारियों को अपने कार्यालय में बुलाया। बैठक में अधिकारियों से घटनाओं और अस्पताल की व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा गया। इसके बाद डीएमसीएच अधीक्षक, स्वास्थ्य प्रबंधक और मेडिसिन विभागाध्यक्ष का वेतन अगले आदेश तक स्थगित रखने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने कहा कि डीएमसीएच का गहन निरीक्षण किया जाएगा। अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा के लिए फिर बैठक होगी। अगली बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहने और अस्पताल से जुड़े सभी आवश्यक एवं अद्यतन आंकड़े उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
