चौसाना। क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर चार साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती ने युवक पर अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल करने और डेढ़ लाख रुपये, जेवर हड़पने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
युवती के अनुसार वह युवक से प्रेम करती थी। उसके परिजनों ने उसकी शादी पानीपत में कर दी थी। आरोप है कि युवक ने उसके फोटो-वीडियो ससुराल पक्ष को भेज दिए। इसके बाद पति ने उसे तलाक दे दिया। तलाक के बाद आरोपी ने शादी का भरोसा देकर चार साल तक शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती का दो बार गर्भपात कराने का भी आरोप है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसके मायके और ससुराल के जेवर बेच दिए। उसने डेढ़ लाख रुपये भी हड़प लिए।
पीड़िता ने बताया कि अब आरोपी शादी से इन्कार कर रहा है। वह उसके फोटो-वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दे रहा है। युवती ने आरोपी के परिजनों की भूमिका की जांच की मांग की है। उसने अपना मेडिकल परीक्षण कराने की भी मांग की है। एएसपी सुमित ने कहा कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।