Mahoba News:तापमान में बढ़ने लगी ठंड, सुबह-शाम ज्यादा असर – Temperatures Are Dropping, With The Chill Being More Pronounced In The Mornings And Evenings
महोबा। बुंदेलखंड की पठारी धरती पर मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सुबह और शाम ठंड का अहसास ज्यादा हो रहा है। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। इससे सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। ऐसा मौसम रबी सीजन में गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है।
माह नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को सुबह के समय कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। इस दौरान आवाजाही करने वाले लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। हालांकि, सुबह नौ बजे के बाद मौसम सामान्य हो गया और दिन भर हल्की धूप निकली रही लेकिन शाम के समय सर्द हवाएं चलने से ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता 57 प्रतिशत रही जबकि आठ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रजनीश मिश्रा का कहना है कि फिलहाल तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड का अहसास भी बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं। हालांकि, दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। आगामी दिनों में ठंड और बढ़ेगी। गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए ठंड का मौसम जरूरी है। तापमान में गिरावट से गेहूं के पौधों की जड़ों का विकास बेहतर मजबूती से होता है।
