अदलहाट। मिठाई की दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान से उठीं लपटें मकान की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गईं। किचन में रखे गैस सिलिंडर तक आग पहुंचने की आशंका से आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों में दहशत फैल गई। दमकल का इंतजार किए बिना ग्रामीणों ने घरों के सबमर्सिबल पंप चलाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों का आरोप है कि दमकल की गाड़ी आग बुझने के बाद पहुंची। इससे लोगों में रोष है।
अदलहाट बाजार के हासापुर गांव निवासी बेचन गुप्ता हलवाई का काम करते हैं। मंगलवार सुबह वह मकान में ताला बंद कर परिवार के साथ काम के सिलसिले में बाहर गए थे।
इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दुकान और मकान की ऊपरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें किचन तक पहुंचने और गैस सिलिंडर के पास आग फैलने की आशंका से लोग सहम गए। ग्रामीणों ने एकजुट होकर पानी डालना शुरू किया और आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका।
सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद बेचन गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग में करीब पांच लाख रुपये के आभूषण, दो लाख रुपये नकद और दस लाख रुपये का घरेलू सामान जल गया।
उन्होंने अग्निशमन विभाग को करीब 17 लाख रुपये के नुकसान का लिखित आकलन सौंपा है।
थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि बेचन गुप्ता के घर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर सर्विस को सूचना दी। आग पर काबू पा लिया गया। संवाद