Jalaun News:परौसा से निस्वापुर तक सड़क की बदलेगी सूरत – The Road From Parausa To Niswapur Will Undergo A Transformation
उरई। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए परौसा से निस्वापुर तक जाने वाली सड़क की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। लंबे समय से सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों के लिए यह राहत भरी खबर है।
कृषि उत्पादन मंडी परिषद की ओर से सड़क की मरम्मत पर 60.73 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। विभाग ने छह माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस सड़क के दुरुस्त होने से परौसा और निस्वापुर के साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी। कदौरा क्षेत्र के परौसा, निस्वापुर, मझवार, रैला, इकौना, बागी, उदनपुर और बरही सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों का इस मार्ग से आना-जाना रहता है।
किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और ग्रामीणों को बाजार व अन्य जरूरी कामों के लिए इसी तरह के संपर्क मार्गों पर निर्भर रहना पड़ता है।
सड़क की विशेष मरम्मत होने से ग्रामीणों को गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्तों से राहत मिलने की उम्मीद है। कृषि उत्पादन मंडी परिषद के उप निदेशक विजय पाल सिंह ने बताया कि 60.73 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य को छह माह में पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। टेंडर प्रक्रिया चल रही है, जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा।
