Saharanpur News:जाम में रेंगते रहे वाहन, एंबुलेंस भी फंसी – Vehicles Crawled In The Traffic Jam; An Ambulance Also Got Stuck
सहारनपुर। महानगर में जाम की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। आए दिन मुख्य मार्गों पर जाम लगा रहता है। मंगलवार को मंगल बाजार के चलते मंडी समिति रोड और रूट डायवर्जन से जाम की लगा रहा। वाहन रेंगते नजर आए। एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही।
बाईपास बने हुए कई साल हो गए, लेकिन शहर में जाम से निजात नहीं दिला पाया है। वीआईपी, वीवीआईपी कार्यक्रम या फिर त्योहार में जाम की स्थिति और गंभीर बनी रहती है। इसके अलावा सड़कों पर दुकानों के बाहर फैला अतिक्रमण भी जाम की वजह बन रहा है। मंगलवार को समरसता संकल्प यात्रा के आगमन से रूट डायवर्जन रहा। दिल्ली रोड की ओर से आने वाले वाहन मिनी बाईपास, मल्हीपुर रोड होते हुए शहर में पहुंचे। शहर से चुनहेटी दिल्ली रोड की ओर जाने वाले वाहन हसनपुर चुंगी, टेलीफोन एक्सचेंज, सर्किट हाउस से संचालित हुए। कोर्ट रोड से आंबेडकर चौक की ओर जाने वाले वाहन घंटाघर चौक होते हुए संचालित किए गए।
शहर से होकर देहरादून-अंबाला की ओर जाने वाले वाहन बाइपास से संचालित किया गया। शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने से बाजोरिया रोड, अंबाला रोड, घंटाघर चौक, देहरादून रोड और दिल्ली रोड पर हसनपुर चुंगी के पास जाम जैसी स्थिति बनी रही। वहीं, मंडी समिति रोड पर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, क्रेन और ई-रिक्शा की आवाजाही के चलते जाम लगा रहा। जाम में फंसे वाहन रेंगते नजर आए। जाम में प्राइवेट एंबुलेंस भी फंसी रही।
उधर, एसपी यातायात शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यातायात व्यवस्था बनाने के लिए रूट डायवर्जन करना पड़ता है। हर चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए यातायात पुलिसकर्मी तैनात हैं।
