भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के जाहू बस अड्डे पर बसों के लिए निर्धारित स्थान पर निजी वाहनों की पार्किंग से बस चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसों के लिए बनाए गए पार्किंग स्थल और काउंटरों के आसपास निजी गाड़ियां और दोपहिया वाहन खड़े किए जा रहे हैं।
इससे बसों की आवाजाही के साथ यात्रियों को चढ़ाने और उतारने में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। जाहू बस यूनियन के प्रधान रोशन लाल, सचिव पवन कुमार धीमान और उपप्रधान दिनेश कुमार ने प्रशासन से बस अड्डे पर बसों के निर्धारित स्थान को निजी वाहनों की पार्किंग से मुक्त करवाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि निजी वाहन चालकों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था की जाए, ताकि बसों को खड़ा करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने में परेशानी न हो।यूनियन पदाधिकारियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बस अड्डे पर नियमित निगरानी रखने और समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।