कफ सिरप कांड:एक साल बाद भी नहीं सूखे परिजनों के आंसू, घरों में रखे हैं बच्चों के बैग-किताबें; छीन लीं खुशियां – Even A Year Later The Tears Have Not Dried The Gloom Of The Cough Syrup Tragedy Still Hangs Over
कैलेंडर के पन्ने बदल गए, मौसम बदल गए और एक साल बीत गया, लेकिन छिंदवाड़ा जिले के परासिया और आसपास के इलाकों के उन परिवारों का दर्द आज भी कम नहीं हुआ है, जिन्होंने दूषित कफ सिरप के कारण अपने मासूम बच्चों को खो दिया। सितंबर-अक्टूबर 2025 में कोल्ड्रिफ कफ सिरप के सेवन से बच्चों की किडनी खराब होने और उनकी मौतों की घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। जिन माता-पिता ने सामान्य बुखार और सर्दी-खांसी से राहत दिलाने के लिए बच्चों को सिरप पिलाया था, उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि वही दवा उनके बच्चों की जान ले लेगी।
इस त्रासदी को एक साल पूरा हो चुका है, लेकिन पीड़ित परिवारों के जख्म आज भी ताजा हैं। बच्चों की मौत के बाद परिवारों की जिंदगी पूरी तरह बदल गई। किसी घर में बच्चों के स्कूल बैग और किताबें संभालकर रखी हैं, तो कहीं उनके कपड़े और खिलौने आज भी उसी तरह रखे हैं, जैसे बच्चे कुछ देर में लौटकर आने वाले हों। सरकारी स्तर पर मुआवजे और जांच की कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों की शिकायत है कि उन्हें अब तक पूरा न्याय नहीं मिला है। इलाज के दौरान लाखों रुपये खर्च करने वाले कई परिवार आज भी कर्ज के बोझ से दबे हैं। वहीं, मामले में गिरफ्तार आरोपियों को जमानत मिलने से भी परिजनों में नाराजगी है।
बस्ते, किताबें और जूते-चप्पल संभालकर रखे, यादों के सहारे कट रही जिंदगी
परासिया विकासखंड और आसपास के गांवों में इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों के घरों में आज भी मातम पसरा है। जिन घरों में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब खामोशी है। माता-पिता ने अपने बच्चों की छोटी-छोटी निशानियों को आज भी सहेजकर रखा है। किसी घर में स्कूल बैग, अधूरी कॉपियां और पेंसिल बॉक्स रखे हैं, तो कहीं पसंदीदा खिलौने, कपड़े और छोटे-छोटे जूते-चप्पल अलमारी में रखे हुए हैं। परिजन इन चीजों को देखकर बच्चों को याद करते हैं। मां-बाप के लिए इन सामानों को हटाना भी आसान नहीं है। उनके लिए ये सिर्फ वस्तुएं नहीं, बल्कि बच्चों के साथ बिताए पलों की आखिरी निशानियां हैं।
15 से 26 तक पहुंचा मौतों का आंकड़ा, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे थे सवाल
सितंबर और अक्टूबर 2025 में सामने आए दूषित कफ सिरप मामले में अकेले परासिया विकासखंड के 15 बच्चों की मौत हुई थी। वहीं, छिंदवाड़ा जिले के अन्य क्षेत्रों और पड़ोसी जिलों बैतूल व पांढुर्णा के प्रभावित बच्चों को मिलाकर मृतकों की संख्या अलग-अलग रिपोर्टों और सरकारी व राजनीतिक बयानों में 20 से 26 के बीच बताई गई। कम समय में बड़ी संख्या में बच्चों की किडनी खराब होने और उनकी मौतों ने स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ दवाओं की गुणवत्ता जांचने वाली एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।
तीन परिवारों की कहानी, जिनकी दुनिया उजड़ गई
इस त्रासदी में बच्चों को खोने वाले परिवारों का दर्द आज भी कम नहीं हुआ है। तीन परिवारों की आपबीती बताती है कि कैसे सामान्य बुखार के इलाज के दौरान उनकी खुशियां हमेशा के लिए छिन गईं।
1. अदनान खान (साढ़े पांच साल) : न्यूटन चिखली, परासिया
न्यूटन चिखली निवासी साजिद खान अपने साढ़े पांच साल के पोते अदनान को याद कर भावुक हो जाते हैं। साजिद बताते हैं कि अगस्त 2025 में अदनान को सामान्य बुखार आया था। परिजन उसे स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए। करीब सात दिन तक इलाज चला, लेकिन उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ और हालत लगातार बिगड़ती गई।
इसके बाद परिवार उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर ले गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि दूषित दवा के असर से बच्चे की दोनों किडनी फेल हो चुकी हैं। तमाम कोशिशों के बावजूद 7 सितंबर 2025 को अदनान की मौत हो गई। साजिद खान का कहना है कि उनके क्षेत्र में करीब 25 बच्चों की जान गई है।
साजिद व्यवस्था से नाराज हैं। उनका कहना है कि शुरुआत में ड्रग इंस्पेक्टरों पर कार्रवाई हुई थी, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इससे पीड़ित परिवारों को मानसिक आघात पहुंचा है। वे कहते हैं कि इलाज में खर्च हुई रकम तो सरकार से वापस मिल गई, लेकिन बच्चे की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। आज भी घर में अदनान का स्कूल बैग, कॉपी-किताबें और बाकी सामान उसी तरह रखा है।
2. वेदांश पवार (ढाई साल) : ग्राम रिधोरा, उमरेठ
उमरेठ क्षेत्र के ग्राम रिधोरा निवासी कपिल पवार के ढाई साल के बेटे वेदांश की भी दूषित कफ सिरप के सेवन के बाद मौत हो गई थी। कपिल के मुताबिक, बेटे को मामूली बुखार आने पर वे उसे डॉ. प्रवीण सोनी के पास ले गए थे। सात दिनों तक दवाइयां चलने के बावजूद उसकी हालत सुधरने के बजाय बिगड़ती चली गई।
जांच में बच्चे की किडनी खराब होने की जानकारी मिली। परिवार ने उसे बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया। कपिल बताते हैं कि बेटे के इलाज में करीब 8 से 10 लाख रुपये खर्च हुए, लेकिन वे उसे बचा नहीं सके।
कपिल का कहना है कि मामले में गिरफ्तार कई आरोपी एक-एक कर जमानत पर बाहर आ रहे हैं। इससे पीड़ित परिवार खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
3. उसेद खान (चार साल) : न्यूटन चिखली, परासिया
न्यूटन चिखली निवासी अफसाना खान ने अपने चार साल के बेटे उसेद को खो दिया। अफसाना बताती हैं कि उसेद को सामान्य सर्दी-जुकाम और बुखार हुआ था। इसके बाद वह और उनके पति बच्चे को इलाज के लिए डॉ. सिद्दीकी के पास ले गए। सात दिनों तक इलाज चला, लेकिन बच्चे की हालत बिगड़ती गई। बाद में उसकी किडनी खराब होने की बात सामने आई और उसकी मौत हो गई।
अफसाना के मुताबिक, बेटे की जान बचाने के लिए परिवार ने अपनी पूरी जमा-पूंजी लगा दी। इलाज के लिए घर का ऑटो रिक्शा बेचना पड़ा, महिलाओं के जेवर गिरवी रखने पड़े और घर के बर्तन तक बेचने पड़े। रिश्तेदारों और परिचितों से भी उधार लिया, लेकिन बेटे को नहीं बचा सके।
एक साल बाद भी अफसाना ने बेटे की यादों को संजोकर रखा है। उसके कपड़े, खिलौने और कॉपी-किताबें आज भी बैग में रखी हैं। उन्हें देखकर परिवार को लगता है कि जैसे बच्चा अभी खेलकर वापस लौट आएगा।
कानूनी कार्रवाई के बीच कई आरोपियों को जमानत, डॉ. प्रवीण सोनी को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं
मामले में पुलिस और प्रशासन ने दवा निर्माता कंपनी के मालिक से लेकर डॉक्टरों, केमिस्टों और सप्लायरों तक को आरोपी बनाया था। हालांकि, बीते एक साल में कानूनी प्रक्रिया के दौरान कई आरोपियों को अदालत से जमानत मिल चुकी है। इससे पीड़ित परिवारों में नाराजगी है। वहीं, 6 अक्टूबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल डॉ. प्रवीण सोनी की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
मामले के आरोपियों की स्थिति
|
आरोपी |
भूमिका |
वर्तमान स्थिति |
|---|---|---|
|
रंगनाथन गोविंदन |
दवा कंपनी का मालिक |
जेल में बंद |
|
के. माहेश्वरी |
केमिस्ट |
जेल में बंद |
|
डॉ. प्रवीण सोनी |
चिकित्सक |
जेल में बंद |
|
डॉ. एसएस ठाकुर |
चिकित्सक |
जेल में बंद |
|
डॉ. अमन सिद्दीकी |
चिकित्सक |
जेल में बंद |
|
शैलेश सी. पंड्या |
मटेरियल सप्लायर |
जमानत पर बाहर |
|
सतीश वर्मा |
मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) |
जमानत पर बाहर |
|
अनिल रसेला |
दवा विक्रेता |
जमानत पर बाहर |
|
सौरभ जैन |
केमिस्ट |
जमानत पर बाहर |
|
राजेश सोनी |
दवा डीलर |
जमानत पर बाहर |
विधायक सोहन वाल्मीकि ने उठाए जांच पर सवाल, लैब के जिम्मेदारों को बचाने का आरोप
इस मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी जारी हैं। परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि ने सरकार और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अकेले परासिया विधानसभा क्षेत्र में दूषित कफ सिरप के कारण 15 बच्चों की मौत हुई, जबकि अन्य जिलों के बच्चों को मिलाकर यह आंकड़ा करीब 22 तक पहुंचता है।
विधायक ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले के असली जिम्मेदार वे लोग हैं, जो सरकारी और निजी प्रयोगशालाओं में दवाओं की गुणवत्ता की जांच करते हैं और उनके सही होने का प्रमाणपत्र देते हैं। उनके मुताबिक, जांच में लैब के जिम्मेदार अधिकारियों और असली दोषियों को छोड़कर दूसरे लोगों को मुख्य आरोपी बनाया जा रहा है।
सोहन वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी और व्यवस्था की विफलताओं को छिपाने के लिए दूसरे लोगों को मोहरा बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र की कमियों की कीमत मासूम बच्चों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
कलेक्टर बोले- इलाज का खर्च चार लाख से ज्यादा हुआ है तो बिल दें, जांच के बाद होगा भुगतान
पीड़ित परिवारों को मिली आर्थिक सहायता और इलाज में हुए अतिरिक्त खर्च को लेकर छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने प्रशासन का पक्ष रखा है। उन्होंने फोन पर बताया कि सरकार की ओर से सभी पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
कलेक्टर से जब उन परिवारों की आर्थिक परेशानी के बारे में पूछा गया, जिनके बच्चों के इलाज में 8 से 10 लाख रुपये तक खर्च हुए और जो अब भी कर्ज में हैं, तो उन्होंने अतिरिक्त भुगतान का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी परिवार का इलाज में खर्च सहायता राशि से अधिक हुआ है, तो वह संबंधित अस्पतालों और दवाइयों के बिल प्रशासन को उपलब्ध करा सकता है। बिलों की विधिवत जांच कराई जाएगी। जांच में खर्च सही पाए जाने पर अतिरिक्त राशि का भुगतान भी करवाया जाएगा।
