रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
उज्जैन:सात समंदर पार पहुंची श्री खड़े हनुमानजी की गूंज, दो माह में दर्शन करने पहुंचे 225 विदेशी श्रद्धालु – Ujjain: Fame Of Khade Hanumanji Goes Global, 225 Foreign Devotees Visit Temple In Just Two Months
उज्जैन

उज्जैन:सात समंदर पार पहुंची श्री खड़े हनुमानजी की गूंज, दो माह में दर्शन करने पहुंचे 225 विदेशी श्रद्धालु – Ujjain: Fame Of Khade Hanumanji Goes Global, 225 Foreign Devotees Visit Temple In Just Two Months

November 25, 2026


Ujjain: Fame of Khade Hanumanji Goes Global, 225 Foreign Devotees Visit Temple in Just Two Months

श्री खड़े हनुमान के दरबार अमेरिका, यूरोप और नेपाल से उज्जैन पहुंच रहे भक्त

विस्तार

उज्जैन स्थित श्री खड़े हनुमानजी की ख्याति अब देश की सीमाओं को लांघकर सात समंदर पार तक पहुंच गई है। कंठाल से छत्री चौक मार्ग के चौड़ीकरण कार्य के चलते मंदिर वर्तमान में एक अस्थायी टेंट में संचालित हो रहा है लेकिन इसके बावजूद बजरंग बली के प्रति भक्तों की आस्था और दर्शन के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। आलम यह है कि अब देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अमेरिका, यूरोप, नेपाल और जॉर्डन जैसे देशों से भी श्रद्धालु विशेष रूप से खड़े हनुमानजी के दर्शन करने उज्जैन पहुंच रहे हैं।

सोशल मीडिया ने विदेशों तक पहुंचाई महिमा

खड़े हनुमानजी के अद्भुत स्वरूप और मंदिर से जुड़ी प्राचीन मान्यताओं की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दुनिया भर में फैल रही है। इसी से प्रभावित होकर विदेशी श्रद्धालुओं का रुझान तेजी से बढ़ा है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार बीते महज दो महीनों के भीतर अमेरिका, यूरोप, नेपाल और जॉर्डन से आए करीब 225 विदेशी भक्त दर्शन कर चुके हैं। हाल ही में नेपाल से लगभग 200 श्रद्धालुओं का एक बड़ा जत्था दर्शन के लिए पहुंचा था।

ये भी पढ़ें: गुना: एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने वाला गिरोह पकड़ा, झारखंड के 2 संदिग्ध दबोचे, 2.70 लाख की ठगी का खुलासा

भेंट में चढ़ रहीं विदेशी मुद्राएं

विदेशी भक्तों की गहरी आस्था का अंदाजा मंदिर की दानपेटी और चरणों में अर्पित किए जा रहे चढ़ावे से लगाया जा सकता है। दर्शन के लिए आए एक अमेरिकी दंपती ने भगवान के चरणों में 5 डॉलर अर्पित किए, तो वहीं यूरोप से आए एक परिवार ने 5 यूरो भेंट किए। इसके अलावा जॉर्डन और नेपाल के श्रद्धालुओं ने भी अपनी-अपनी देश की मुद्राएं अर्पित कर बजरंग बली का आशीर्वाद लिया।

दीपावली के बाद से लगातार बढ़ रहा भक्तों का कारवां

मंदिर के पुजारी महेश बैरागी ने बताया कि दीपावली के बाद से ही गुजरात और महाराष्ट्र समेत देश के अन्य राज्यों से आने वाले भक्तों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। सड़क चौड़ीकरण के कारण मंदिर भले ही अभी अस्थायी टेंट में है, लेकिन भक्तों की श्रद्धा पहले से भी अधिक प्रबल नजर आ रही है। विभिन्न देशों के श्रद्धालुओं का आगमन और विदेशी मुद्राओं का चढ़ावा इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि उज्जैन के श्री खड़े हनुमानजी की महिमा अब वैश्विक स्तर पर अपनी खास पहचान बना रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X