बिहार:आधी रात घर से बुलाकर युवक की गोली मारकर हत्या, 20 मीटर दूर ले जाकर माथे में मारी गोली – Bihar News 26year-old Youth Called Out From Home And Shot Dead In Khagaria
बिहार के खगड़िया जिले में अपराधियों ने घर से बुलाकर 26 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात बुधवार देर रात गंगौर थाना क्षेत्र की वरैय पंचायत के दोघराहा गांव में हुई। अपराधियों ने युवक को घर से करीब 20 से 25 मीटर दूर ले जाकर माथे में गोली मार दी। गोली आर-पार हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड संख्या 14 निवासी सोनू कुमार उर्फ सोनू सदा (26) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
रात 1:30 बजे घर पहुंचे थे चार लड़के
मृतक की मां ममता देवी ने बताया कि बुधवार रात करीब 1:30 बजे चार लड़के उनके घर पहुंचे थे। सभी सोनू को घर से बुलाकर बाहर ले गए। इसके बाद घर से महज 20 से 25 मीटर की दूरी पर उसे गोली मार दी। गोली सोनू के माथे में लगी और आर-पार हो गई। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सोनू के पिता का नाम सोगारत सदा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के लोग मौके पर जुट गए। परिवार में भी मातम पसर गया।
पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
वारदात की सूचना मिलने पर गंगौर थानाध्यक्ष श्याम सुंदर पासवान और सदर डीएसपी-2 संतोष कुमार पोद्दार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया।
सदर डीएसपी-2 संतोष कुमार पोद्दार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात अपराधियों ने युवक की गोली मारकर हत्या की है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ चारों आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
