Hamirpur News:बढ़ रहा थायराइड, जांच में 80 फीसदी महिलाएं – Rising Thyroid Issues: 80% Of Those Tested Are Women
हमीरपुर। जिला अस्पताल में रोजाना 20 से 25 लोग थायराइड की जांच कराने पहुंच रहे हैं। इनमें 15 से 20 महिलाएं शामिल हैं। जांच कराने वाली ज्यादातर महिलाओं में ये समस्या सामने आ रही है। चिकित्सक हार्माेनल व ऑटोइम्यून कारण अहम मानते हैं।
गले के सामने स्थित थायराइड ग्रंथि मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करने वाले हार्मोन बनाती है। इसके असंतुलन से वजन में बदलाव, थकान, कमजोरी, बाल झड़ना, चिड़चिड़ापन, माहवारी अनियमितता, ठंड-गर्मी अधिक लगना, तेज धड़कन, घबराहट, कब्ज या बार-बार मल त्याग और गले के सामने सूजन जैसी दिक्कतें होती हैं।
मंगलवार को ओपीडी में कुल 238 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इनमें 124 पुरुष, 79 महिला और 35 बालरोगी शामिल रहे। जनरल फिजीशियन डाॅ. परमेंदर प्रजापति का कहना है कि रोजाना 20 से 25 लोग थायराइड की जांच करा रहे हैं। इनमें महिलाओं की संख्या लगभग 80 फीसदी है। अधिकतर महिलाओं में समस्या सामने आती है।
बचाव के उपाय
– इससे बचाव के लिए संतुलित व पौष्टिक भोजन लें।
– उचित मात्रा में आयोडीन युक्त नमक का प्रयोग करें।
– नियमित व्यायाम-योग करें और पर्याप्त नींद लें।
– तनाव में कमी और नियमित जांच आवश्यक है।
