Sitapur News:खेलकूद प्रतियोगिता में बिसवां बना ओवरऑल चैंपियन – Biswan Emerges As Overall Champion In Sports Competition
सीतापुर। जनपदीय बेसिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को खो-खो व एथलेटिक्स की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हुआ। इस दौरान विभिन्न विकासखंडों से आए छात्र-छात्राओं ने आयोजित खेल स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 50 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में आदर्श कुमार राजपूत ने प्रथम, जसीम (सिधौली) ने द्वितीय व अखंड प्रताप सिंह (एलिया) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में शिवांकी ने प्रथम, अंकिता (सिधौली) ने द्वितीय व रानी (रेउसा) ने तृतीय स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में मनोज कुमार (रेउसा) प्रथम, श्लोक (पहला) द्वितीय व देवराज (एलिया) तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में राधा (खैराबाद) ने प्रथम, निधि (परसेंडी) ने द्वितीय व सुनैना (एलिया) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह लंबी कूद के बालक वर्ग में अनुज (महोली) ने प्रथम, मोहन (बिसवां) ने द्वितीय व श्लोक (पहला) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में गौरी (महोली) प्रथम, आरोही वाजपेयी (पिसावां) द्वितीय व अल्फिशा (बिसवां) तृतीय स्थान पर रहीं। खो-खो प्रतियोगिता के बालक वर्ग में परसेंडी ने प्रथम व पहला विकासखंड ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में भी परसेंडी की टीम प्रथम और बिसवां की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
प्राथमिक व जूनियर स्तर पर बालक-बालिका वर्ग के संयुक्त अंकों के आधार पर विकासखंड बिसवां ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि परसेंडी विकासखंड उपविजेता रहा। समापन समारोह में जिला विकास अधिकारी संतोष नारायण गुप्ता व परियोजना अधिकारी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए और उनका उत्साहवर्धन किया। विशिष्ट अतिथि डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने बच्चों को खेलों के प्रति समर्पित रहने व निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने की। उन्होंने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला व्यायाम शिक्षक राज शर्मा, लौंग श्री यादव व शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।
