Unnao News:खेतों में भरा बाढ़ का पानी, 40 फीसदी धान की कटाई रुकी – Floodwater Inundates Fields; Harvesting Of 40 Percent Of The Paddy Crop Comes To A Halt
= गेहूं और आलू की बोआई नहीं कर पा रहे किसान
संवाद न्यूज एजेंसी
गंजमुरादाबाद। पिछले माह कल्याणी नदी की बाढ़ से 40 फीसदी धान की फसल अभी भी खेतों में खड़ी है। इसकी कटाई मड़ाई नहीं हो पा रही है। इससे किसान इस बार गेहूं और आलू की बोआई नहीं कर पा रहे हैं।
सितंबर में शुरू हुई कल्याणी नदी की बाढ़ नवंबर के पहले सप्ताह तक रही थी। इससे विकासखंड क्षेत्र के 22 गांवों के खेतों में जलभराव हो गया था। अधिकांश धान की फसल सड़कर बर्बाद हो गई थी। दो माह बाद भी देवरिया, कछियनपुरवा, पकरियापुरवा, चिंगरपुरवा, लहरापुर और छोट्टापुरवा के खेतों में पानी भरा है। पानी भरे होने से 40 फीसदी धान की कटाई नहीं हो पा रही है। खेतों में गिरी फसल कंपाइन मशीन से भी नहीं कट पा रही है। सर्दी और तेज धूप न निकलने से नमी खत्म होने में महीनों लग सकते हैं।
लहरापुर के पूर्व प्रधान देवेंद्र यादव और सपना यादव ने बताया कि निचले खेतों में पानी भरा है। इससे धान की कटाई नहीं हो रही और अगली फसलों की बोआई भी मुश्किल है। राजकीय कृषि बीज भंडार कार्यालय प्रभारी मुकेश सिंह ने कहा कि खेतों में पानी भरे होने से मिट्टी की ताकत बढ़ती है। नमी खत्म होने के बाद बोई गई फसल की पैदावार अच्छी होगी। इससे सिंचाई की आवश्यकता भी कम होगी।
