Barabanki News:अश्लील गाने पर बवाल, हमले में युवक गंभीर – Uproar Over Obscene Song; Youth Critically Injured In Attack
सिरौलीगौसपुर। शहरी गांव में बुधवार रात अश्लील गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद बृहस्पतिवार को गाना बजाने के आरोपी और उसके पांच साथियों ने एक युवक पर हमला कर दिया। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
किशन सोनी के अनुसार, बुधवार शाम पड़ोस में रहने वाला अब्दुल हक अश्लील गाने बजा रहा था। विरोध करने पर वह अपने साथियों के साथ उनके पास पहुंचा और अभद्रता करने लगा। इस पर 112 नंबर पर कॉल की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया।
किशन के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह उनका भतीजा राज सोनी (30) घर जा रहा था। रास्ते में विपक्षियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में राज के सिर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने उसे संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया। सीओ गरिमा पंत ने बताया कि अब्दुल हक, कमालुद्दीन, टिंकू वर्मा पर नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)
