तुलसीपुर। हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र के महरू मुर्तिहा स्थित ईंट-भट्ठे के पास मंगलवार सुबह पंपिंग सेट से पानी भरे गड्ढे में युवक का शव उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी गौरव सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शव मिलने के बाद से तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है। कुछ लोग डूबने से मौत होने तो कुछ लोग गड्ढे की गहराई कम होने से हत्या की आशंका जता रहे हैं।
हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गौसपुर के मजरा बनकटी निवासी बसावन श्रीवास्तव (45) तीन वर्ष से महरू मूर्तिहा स्थित एमके ब्रिक फील्ड पर रहकर मजदूरी करते थे। मंगलवार सुबह उनका शव संदिग्ध हालात में भट्ठे के ईंट पथाई फड़ पर पंपिंग सेट के पानी से भरे गड्ढे में उतराता मिला। शव देख अन्य मजदूरों ने इसकी सूचना बसावन के परिजनों को दी।
शव मिलने की सूचना पर रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने मौके पर जांच की और शव को नाले से बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के भाई रामचंदर की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।