रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर

Rampur News:विधवा की जमीन पर कब्जे की कोशिश, पांच लाख में बैनामा कराने का दबाव – Attempt To Seize A Widow’s Land; Pressure Exerted To Force A Sale For Five Lakh Rupees

November 25, 2026


शाहबाद (रामपुर)। भूमि विवाद में एक विधवा महिला की जमीन पर कथित तौर पर कब्जा करने की कोशिश और पांच लाख रुपये में बैनामा कराने का दबाव बनाने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला ने शावेज खां और नसीम मियां पर मिलीभगत कर जमीन का बैनामा कराने तथा अपने लोगों के जरिए केयरटेकर को धमकाने का आरोप लगाया है।

आरोप है कि आरोपियों ने गोली मारने और एससी-एसटी एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने तक की धमकी दी। पीड़िता ने अपनी और परिजनों की जान को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। जमीन पर कब्जे और उसके बैनामे को लेकर कस्बे में काफी चर्चा रही है। सीओ की जांच में भी अनधिकृत कब्जा पाया गया था।

मुरादाबाद के रामगंगा विहार फेज-2 निवासी उर्मिला शर्मा के मुताबिक, तहसील शाहबाद स्थित गाटा संख्या 1850 (ठ) की भूमि को लेकर न्यायालय में विवाद विचाराधीन है। इस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से स्टे आदेश भी पारित है।

आरोप है कि मोहल्ला अफगानान निवासी शावेज खां और कानूनगोयान निवासी नसीम मियां ने आपस में सांठगांठ कर गाटा संख्या 1850 (स) का बैनामा शावेज खां और हाकिमान निवासी अर्जुन कुमार के नाम करा लिया। अब इसी बैनामे की आड़ में उनकी गाटा संख्या 1850 (ठ) की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।

उर्मिला शर्मा का आरोप है कि 15 और 16 अक्तूबर को कई लोग उनकी जमीन पर पहुंचे और वहां मौजूद केयरटेकर गंगासरन निवासी मोहल्ला हकीमान को धमकाया। उन्होंने कहा कि शावेज और अर्जुन ने जमीन का बैनामा करा लिया है।

आरोप है कि धमकाने पहुंचे लोगों ने गाली-गलौज करते हुए केयरटेकर से कहा कि अपनी मालकिन से कह देना कि वह पांच लाख रुपये लेकर जमीन का बैनामा शावेज और अर्जुन के नाम कर दें। ऐसा नहीं करने पर गोली मारने और एससी-एसटी एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। आरोपियों ने कथित राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों तक प्रभाव होने की बात कहकर महिला को डराने का प्रयास किया।

सीओ देवकीनंदन ने बताया कि उर्मिला शर्मा की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच मैंने स्वयं की थी। जांच में अनधिकृत रूप से कब्जा पाया गया, जिसकी रिपोर्ट सौंप दी गई है। जांच में हाईकोर्ट का तीसरे पक्ष के संबंध में स्टे भी मिला है। पुलिस के रोकने के बाद भी अवैध कब्जा हुआ है। अब इस मामले में शावेज खां, नसीम मियां और अर्जुन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X