Firozabad News:थाना अरांव में तैनात सिपाही ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर की आत्महत्या – A Constable Posted At The Araon Police Station Died By Suicide By Hanging Himself In A Rented Room
सिरसागंज (फिरोजाबाद)। थाना अरांव में डाक मुंशी के पद पर तैनात एक अविवाहित सिपाही ने मंगलवार को अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शाम को ड्यूटी से लौटे साथी सिपाही ने दरवाजा न खुलने पर खिड़की से झांककर देखा, तो उनका शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर एएसपी देहात, सीओ सिरसागंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा।
मूलरूप से ग्राम नगला मोती, पोस्ट नीबकरोरी, मोहम्मदाबाद, जिला फर्रुखाबाद निवासी प्रेमवीर सिंह (29) पुत्र वैशराम सिंह 2018 में सिपाही के पद पर उप्र पुलिस में भर्ती हुए थे। वर्तमान में थाना अरांव में डाक मुंशी के रूप में तैनात थे। वह थाने से करीब 300 मीटर दूर टीवीएस एजेंसी के बगल में स्थित समोगर निवासी चंद्रपाल के मकान की दूसरी मंजिल पर किराए के कमरे में रहते थे। इसी मंजिल पर दूसरे कमरों में थाना अरांव के ही सिपाही गोविंद कुमार, मुनीम विनोद और एक शिक्षिका के पति संजय भी किराए पर रहते हैं, जबकि मकान के निचले तल पर एक क्लीनिक संचालित है। मंगलवार शाम करीब 6:35 बजे सिपाही गोविंद कुमार ड्यूटी खत्म कर कमरे पर पहुंचे। उन्होंने प्रेमवीर सिंह को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई और दरवाजा भी बंद था। अनहोनी की आशंका पर गोविंद ने कमरे की खिड़की खोलकर देखा तो प्रेमवीर पंखे से पतले कंबल के सहारे बने फंदे पर लटके हुए थे। उन्होंने अन्य किराएदारों की मदद से दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा।
गांव में चचेरी बहन की शादी में गया था, वापस बुलाने के बाद से तनाव में आत्महत्या की चर्चा
साथी कर्मियों के अनुसार, प्रेमवीर के गांव में उनके चाचा रामनंदन सिंह की बेटी प्रेमलता की शादी 25 नवंबर यानी आज है। सोमवार को कपड़े खरीदे थे। दूध वाले को अगले पांच दिन दूध न लाने की बात कही थी और शादी में शामिल होने मंगलवार सुबह साढ़े सात बजे गांव के लिए निकले थे। इसके बाद ट्रेन से 8ः30 बजे के बाद गांव पहुंचे। हालांकि, थाने से किसी आवश्यक कार्य के चलते उन्हें मंगलवार को बीच में ही वापस बुला लिया गया था। दोपहर दो बजे करीब वापस कमरे पर आए और फिर थाने चले गए। बताया जा रहा है कि थाने लौटने के बाद से वह मानसिक तनाव में थे और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रहे थे। शाम करीब सवा चार बजे वह थाने का काम निपटाकर अपने कमरे पर आ गए थे, जिसके बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद से थाने में शोक का माहौल है। एएसपी देहात अनुज चौधरी और सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने कमरे की जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
घनघनाता रहा परिजन का फोन, हमेशा के लिए सो गया प्रेमवीर
सिपाही प्रेमवीर सिंह की आत्महत्या की घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। कमरे के आसपास मिले संकेतों और थाने के सहकर्मियों व आसपास के लोगों का कहना है कि प्रेमवीर सोमवार तक ठीक था। वह शादी में शामिल होने की पूरी तैयारी कर चुका था। लेकिन अचानक लिए गए उनके इस आत्मघाती कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद जब पुलिस ने प्रेमवीर के कमरे की तलाशी ली तो उनका मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिस पर घर वालों के लगातार फोन आ रहे थे। अचानक अनहोनी की खबर देकर परिजनों को सदमे से बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने फोन उठाकर उन्हें यही बताया कि प्रेमवीर की तबीयत खराब है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है, ताकि परिजन सुरक्षित तरीके से फिरोजाबाद आ सकें। देर रात 9.30 बजे के बाद परिजन सीधे घटनास्थल पर पहुंचे और शव देख विलख उठे।
एसओ ने छुट्टी दी, फिर रद कर दी, हमें इन्साफ चाहिए
मृतक प्रेमवीर के तहेरे भाई प्रवेश यादव, अन्य पारिवारिक भाई रवि, जोन्शन, सुंदर यादव व मौसा आदि थाने पर पहुंचे। प्रवेश यादव ने बताया कि प्रेमवीर गांव में पहुंचा ही था कि कुछ देर बाद उसके फोन पर एसओ का फोन आया था। फोन पर हुई बातचीत के बाद वह वापस थाने के लिए चला आया। आते वक्त उसने कहा था कि एसओ साहब से कुछ बात हो गई है। छुट्टी रद कर दी है। अब छुट्टी मिली तो कल यानी 25 नवंबर को ही आएंगे। वरना, नहीं आ पाएंगे। इसके बाद वह चला आया था। प्रेमवीर तीन भाई और चार बहनों में सबसे छोटा था। बड़े भाई रामवीर नोएडा में ट्रैवल एजेंसी चलाते हैं। छोटे भाई श्यामवीर गांव में परचून की दुकान करते हैं। पिता खेती करते हैं। एक माह से प्रेमवीर के रिश्ते की बात भी चल रही थी। छुट्टी मिलने पर इनके द्वारा लड़की को देखे जाने के बाद हां का इंतजार था। मगर, इससे पहले यह आत्मघाती कदम उठा लिया। प्रवेश सहित अन्य परिजन ने कहा कि इस मामले में जांच होनी चाहिए। हमें पूर्ण इन्साफ मिलना चाहिए।
जुलाई 2025 में पुलिस लाइन में गई थी सिपाही की जान
23 जुलाई 2025 को पुलिस लाइन में सुबह आठ बजे प्रशिक्षु सिपाही तरुण कुमार ने तीन मंजिला बैरक से कूदकर अपनी जान दे दी थी। वह गाजियाबाद के प्रताप विहार सेक्टर-12 (एम-17) के निवासी थे। उस समय महकमे और प्रशिक्षु कर्मियों के बीच यह चर्चा रही थी कि पुलिस लाइन में व्याप्त अव्यवस्थाओं और प्रशिक्षकों के कथित दुर्व्यवहार से आहत होकर तरुण ने यह आत्मघाती कदम उठाया था। घटना के बाद आक्रोशित प्रशिक्षु सिपाहियों ने काफी देर तक हंगामा किया था। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने उस समय इस प्रकरण को हादसा करार दिया था।
