Gurugram News:पुरानी पेंशन और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर दिल्ली में जुटेंगे कर्मचारी – Employees To Gather In Delhi To Demand The Restoration Of The Old Pension Scheme And The Regularization Of Contractual Workers
मानेसर। पुरानी पेंशन बहाली, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और समान काम के लिए समान वेतन जैसी मांगों को लेकर सरकारी कर्मचारी दिल्ली में आवाज उठाएंगे। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कर्मचारी आक्रोश रैली आयोजित की जाएगी। रैली में गुरुग्राम से हजारों कर्मचारियों और शिक्षकों के शामिल होने का दावा किया गया है।
रैली की तैयारियों को लेकर बुधवार को सर्व कर्मचारी संघ की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इसमें कर्मचारियों को रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई। बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों की कई मांगें लंबित हैं, लेकिन उनका समाधान नहीं हो रहा है। ऐसे में अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर रैली में शामिल होना चाहिए।
सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव जोगिंदर करौंथा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुग्राम से बड़ी संख्या में कर्मचारी और शिक्षक दिल्ली पहुंचेंगे। वहीं, राज्य सचिव रामनिवास ठाकरान ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों में पुरानी पेंशन योजना बहाल करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा बंद करना और स्थायी काम के लिए स्थायी रोजगार देना प्रमुख हैं। इसके अलावा आठवें वेतन आयोग को लागू करने, सार्वजनिक सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने की मांग भी रैली में उठाई जाएगी। बैठक का संचालन जिला सचिव सुशील शर्मा ने किया।
