रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान:महज 21 साल की उम्र में वर्षा बनीं झालावाड़ की जिला प्रमुख, कांग्रेस प्रत्याशी को एक वोट से हराया – Varsha Jhala Wins By A Single Vote To Become Zila Pramukh
झालावाड़

राजस्थान:महज 21 साल की उम्र में वर्षा बनीं झालावाड़ की जिला प्रमुख, कांग्रेस प्रत्याशी को एक वोट से हराया – Varsha Jhala Wins By A Single Vote To Become Zila Pramukh

November 25, 2026


Varsha Jhala wins by a single vote to become Zila Pramukh.

वर्षा झाला जिला प्रमुख बनी

विस्तार

झालावाड़ जिला प्रमुख के पद पर भाजपा की वर्षा झाला ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कुसुमलता मीणा को एक वोट से हराकर जिला प्रमुख का पद हासिल किया। जिला परिषद की 33 सीटों में से भाजपा ने 17 और कांग्रेस ने 16 सीटें जीती थीं।

इसी बहुमत के आधार पर बुधवार को हुए जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा की वर्षा झाला को 17 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की कुसुमलता मीणा को 16 वोट मिले। इस तरह वर्षा झाला ने एक वोट से जीत दर्ज कर जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया।

जिला प्रमुख चुनाव की प्रक्रिया को लेकर सुबह से ही जिला परिषद परिसर के बाहर भाजपा और कांग्रेस समर्थकों की भीड़ जुटने लगी थी। नामांकन दाखिल होने के बाद निर्धारित समय दोपहर तीन बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान के दौरान भाजपा के जिला परिषद सदस्य एक साथ मतदान करने पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस के सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा समर्थक जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए, वहीं कांग्रेस की ओर से भी मतदान से पहले जीत के दावे किए जा रहे थे। मतदान के बाद परिणाम घोषित होते ही भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

21 साल की वर्षा झाला बनीं जिला प्रमुख

वार्ड नंबर 15 से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुईं वर्षा झाला जिले की नई जिला प्रमुख बनी हैं। वर्षा झाला का जन्म 28 जुलाई 2005 को हुआ है और उनकी उम्र करीब 21 वर्ष है। उन्होंने पहली बार राजनीति में कदम रखा और पहली ही बार जिला परिषद सदस्य बनने के बाद जिला प्रमुख का पद हासिल किया। वर्षा झाला उच्च शिक्षित हैं और उन्होंने बीएड तक की शिक्षा प्राप्त की है।

ये भी पढ़ें- राजस्थान पंचायती राज चुनाव: भाजपा में सियासी हलचल, सरकार-संगठन में खींचतान

उनके पिता रायपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष हैं और लंबे समय से पार्टी में सक्रिय रहते हुए संगठन में मजबूत पकड़ रखते हैं। वर्षा झाला किसान परिवार से हैं। उनकी माता हेम कंवर गृहिणी हैं, जबकि छोटा भाई यशपाल सिंह झाला पढ़ाई कर रहा है। जिला परिषद के वार्ड नंबर 15 के चुनाव में वर्षा झाला ने अपनी प्रतिद्वंद्वी सीमा कंवर को 4,797 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की थी। अब जिला प्रमुख पद पर जीत के साथ ही उन्होंने जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X