रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रेवाड़ी

Rewari News:विधायक के घर के पास बन रही सड़क की गुणवत्ता खराब मिलने पर जेई निलंबित – Junior Engineer (je) Suspended After The Road Being Constructed Near The Mla’s Residence Was Found To Be Of Poor Quality

November 25, 2026


रेवाड़ी। सेक्टर-4 में भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के घर के सामने बन रही सड़क की खराब गुणवत्ता के मामले में शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने नगर परिषद रेवाड़ी के कनिष्ठ अभियंता विकास गर्ग को बुधवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पंचकूला नगर निगम रहेगा। उनके खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम 83 के तहत कार्रवाई की गई है।

करीब आठ महीने पहले सेक्टर-4 में 900 मीटर लंबी सड़क का निर्माण 90 लाख रुपये की लागत से शुरू किया गया था। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही स्थानीय निवासी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे थे।

लोगों की शिकायत थी कि सड़क का स्तर ठीक नहीं है और निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। स्थिति यह रही कि सड़क का काम पूरा होने से पहले ही उसकी रोड़ियां उखड़ने लगीं।

स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भी मामले का संज्ञान लिया था। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

इसके बाद भी निर्माण की खामियां दूर नहीं हुईं। विधायक ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी भी जताई थी। सड़क का करीब 90 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद जगह-जगह से रोड़ियां निकलने लगीं।

मामला मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक पहुंचने के बाद विभाग ने जांच की प्रक्रिया तेज की। 20 नवंबर को शहरी स्थानीय निकाय विभाग के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय से अधिकारियों की टीम रेवाड़ी पहुंची।

टीम ने सेक्टर-4 में निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया और गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने लिए। प्रारंभिक जांच में निर्माण सामग्री और सड़क की गुणवत्ता में खामियां सामने आने के बाद विभाग ने संबंधित जेई के खिलाफ कार्रवाई की।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X