Hisar News:कार-बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, साथी अग्निवीर घायल – Youth Killed In Car-bike Collision; Fellow Agniveer Injured
November 25, 2026

मृतक आशीष
नारनौंद। गांव गगनखेड़ी के पास कार और बाइक की टक्कर में गांव भैणी अमीरपुर निवासी 19 वर्षीय आशीष की मौत हो गई जबकि उसका साथी 20 वर्षीय अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जांच अधिकारी सदानंद ने बताया कि अनुज अग्निवीर के रूप में सेना में तैनात है और फिलहाल उसकी पोस्टिंग जयपुर में है। वह अपने आर्मी कार्ड पर घरेलू सामान लेने हिसार कैंट आया था। सामान लेकर दोनों गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गंगानखेड़ी के पास नारनौंद से हांसी की ओर जा रही कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आशीष का एक हाथ शरीर से अलग होकर दूर जा गिरा। पुलिसकर्मियों ने मोबाइल की रोशनी में तलाश कर हाथ बरामद किया।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। अनुज को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। आशीष का शव हांसी के नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है। वीरवार को पोस्टमार्टम होगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए कोचिंग ले रहा था आशीष
आशीष के पिता मनोज खेतीबाड़ी करते हैं। 12वीं पास करने के बाद आशीष सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए कोचिंग ले रहा था। उसकी एक बहन है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत
नारनौंद। गांव राजपुरा में बुधवार को सरकारी स्कूल के पास वाहन की टक्कर से 35 वर्षीय संजय की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। संजय सड़क पार कर रहा था तभी वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल संजय को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नारनौंद थाना पुलिस हांसी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। वीरवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। संवाद
