रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
करनाल

Karnal News:एसआईआर में छंटे 2.10 लाख मतदाताओं को फिर मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका – The 2.10 Lakh Voters Removed From The Electoral Rolls Will Get Another Opportunity To Have Their Names Added Back

November 25, 2026


करनाल। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची से बाहर हुए पात्र मतदाताओं को अपना नाम दोबारा जुड़वाने का मौका मिलेगा। भारत निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दी है। वहीं, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन अब 22 दिसंबर को होगा। इससे पहले जिला प्रशासन ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टि (एएसडीडी) की श्रेणी में रखे गए 2,10,510 मतदाताओं के गणना प्रपत्र छपवाकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को वितरित कर दिए हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने 10 दिसंबर तक इन गणना प्रपत्रों के निपटारे का लक्ष्य रखा है।

उपायुक्त ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों के अनुसार प्रपत्र बीएलओ को सौंपे जा चुके हैं। इस कार्य में राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की गई है। उनसे बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से बीएलओ का सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

बीएलओ के साथ समन्वय करेंगे बीएलए-2

एएसडीडी मतदाताओं और गणना प्रपत्रों के संबंध में बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 को भी उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया है। उनसे संबंधित मतदान केंद्रों की एएसडीडी सूची और गणना प्रपत्रों के सत्यापन में बीएलओ के साथ समन्वय बनाने को कहा गया है। इसका उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है।

प्रारूप सूची से बाहर हुए तो ऐसे जुड़वाएं नाम

जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र वापस नहीं मिले और इस कारण उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए, वे दोबारा गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को जमा करवा सकते हैं। इसके साथ आवश्यक घोषणापत्र भी देना होगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने पर उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। उन्हें एसआईआर से पहले आवंटित ईपीआईसी नंबर भी दोबारा दिया जाएगा।

मतदाता जागरूकता के लिए भी तैयारी

भविष्य के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 71 स्कूलों में व्यवस्था की गई है। नए मतदाताओं के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 1118, बूथ स्तर पर 1181 चुनाव पाठशालाएं और 73 मतदाता जागरूकता फोरम गठित किए गए हैं। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ से संपर्क करें। बैठक में सीटीएम सुरेश कुमार और जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X