फतेहाबाद। ऑनलाइन निवेश के नाम पर देश-विदेश के लोगों से साइबर ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पांचवे आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी संदीप निवासी डिंग, जिला सिरसा को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि 30 अगस्त को सूचना के आधार पर पुलिस ने भट्टू कलां के देवीलाल पार्क के पास स्थित कार्यालय पर छापा मारा था। यहां से ठगी में इस्तेमाल 31 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, एक एटीएम कार्ड और दस्तावेज बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को निवेश कंपनियों का कर्मचारी बताकर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देते थे। संदीप पर ठगी के लिए फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध करवाने का आरोप है। मामले में चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।