Shamli News:ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में डॉक्टर पर 5.52 लाख का जुर्माना – Doctor Fined Rs 5.52 Lakh In Case Involving Woman’s Death Following Surgery
शामली। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने गर्भाशय की रसौली के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में सख्त फैसला सुनाया है। आयोग ने शामली के वरदान अस्पताल की चिकित्सक मनरा मलिक पर 5.52 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। मादलपुर निवासी यशपाल सिंह और उनके बेटे अभिषेक पंवार ने आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 27 मई 2022 को सरिता को पेट दर्द के बाद वरदान अस्पताल में दिखाया गया था। यहां रसौली बताकर उनका ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद संक्रमण और गंभीर परेशानी बढ़ गई। डायलिसिस और दिल्ली रेफर करने के बावजूद सरिता की जान नहीं बच सकी। आयोग के अध्यक्ष हेमंत कुमार ने सुनवाई के बाद पीड़ित परिवार के पक्ष में आदेश दिया। आयोग ने चिकित्सक की सेवा में कमी और घोर लापरवाही मानी।
चिकित्सक को कुल 5.52 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। इसमें 4.47 लाख रुपये इलाज खर्च के लिए हैं। एक लाख रुपये मानसिक और शारीरिक कष्ट के लिए दिए जाएंगे। पांच हजार रुपये वाद व्यय के रूप में शामिल हैं। यह रकम 45 दिन के भीतर जमा न होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
