Varanasi News:29 नवंबर से शुरू होगा मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय महाव्रत, 250 नए श्रद्धालु लेंगे व्रत का संकल्प – The 17-day Long Mahavrat Of Maa Annapurna Will Begin On November 29, With 250 New Devotees Taking The Vow To Fast
वाराणसी। काशी की अधिष्ठात्री देवी मां अन्नपूर्णा का वार्षिक 17 दिवसीय महाव्रत इस वर्ष 29 नवंबर को मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष पंचमी के पावन अवसर पर आरंभ होगा। यह महाव्रत पूरे 17 दिनों तक चलेगा। 15 दिसंबर को चंपा छठ के दिन मां का भव्य शृंगार और व्रत का उद्यापन किया जाएगा, जबकि 16 दिसंबर को भक्तों में धान की बालियों का प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर प्रशासन ने इस आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज ने बताया कि इस महाव्रत में शामिल होने के लिए न केवल काशी, बल्कि पूरे देश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। परंपरा के अनुसार, 29 नवंबर को मंदिर के प्रथम तल से भक्तों को 17 गांठ का पवित्र धागा वितरित किया जाएगा। महिलाएं इसे बाएं और पुरुष दाएं हाथ में धारण करेंगे। महंत ने बताया कि पहले ही दिन यह पता चलता है कि बड़ी संख्या में नए श्रद्धालु भी इस व्रत को उठाना चाहते हैं। हर वर्ष औसतन 250 नए लोग माता के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा या किसी विशेष मनोकामना की पूर्ति के लिए इस व्रत का संकल्प लेते हैं। धार्मिक मान्यता है कि लगातार 17 वर्षों तक इस व्रत को करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
बिना नमक और एक अन्न के सेवन का कठोर नियम
महाव्रत के नियम अत्यंत संयम और अनुशासन वाले हैं। श्रद्धालु अपनी क्षमता के अनुसार पूरे 17 दिन या पहले और अंतिम दिन व्रत रखते हैं। 17 दिनों तक व्रत रखने वाले भक्तों को एक समय अनाज और बाकी समय फलाहार ग्रहण करना होता है। इसमें किसी एक अन्न और एक सब्जी का चुनाव करना होता है, जिसे पूरे 17 दिनों तक बिना नमक के खाना अनिवार्य है। उदाहरण के लिए, यदि कोई गेहूं की रोटी या कोई सब्जी चुनता है, तो उसे बिना नमक के ही ग्रहण करना होगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के नमक का सेवन पूरी तरह वर्जित रहता है। हालांकि, शास्त्रों और परंपरा में व्यावहारिकता का भी ध्यान रखा गया है। यदि कोई व्रती किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है या लो ब्लड प्रेशर (निम्न रक्तचाप) का मरीज है, तो उसे नियमों में आवश्यक छूट दी जाती है।
15 को चंपा छठ पर धान की बालियों से सजेगा दरबार
17 दिनों तक सुबह-शाम धागे की पूजा और मां अन्नपूर्णा की कथा के बाद 15 दिसंबर को चंपा छठ के दिन महाव्रत का समापन होगा। इस दिन पूर्वांचल के किसानों द्वारा अर्पित धान की पहली फसल से मां अन्नपूर्णा के दरबार और पूरे मंदिर प्रांगण का अलौकिक शृंगार किया जाएगा, साथ ही माता को नए चावल का भोग लगेगा। इसके अगले दिन, 16 दिसंबर को माता के शृंगार में प्रयुक्त धान की बालियों को प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं में बांटा जाएगा, जिसे लोग अपने घरों के अन्न भंडार में सुख-समृद्धि के प्रतीक के रूप में रखते हैं।
