Kanpur News:संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की होगी मैपिंग – Sensitive And Critical Booths Will Be Mapped
कानपुर देहात। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के साथ कलक्ट्रेट सभागार में बैठक ली। अधिकारियों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में वल्नरेबल (संवेदनशील) और क्रिटिकल (अति संवेदनशील) मतदेय स्थलों की मैपिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों की उपलब्धता का स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट देने को कहा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्वाचन के दौरान उनकी जिम्मेदारियों, अधिकारों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रक्रियाओं का गंभीरता से अध्ययन करें, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की लापरवाही न हो। निर्देश दिए कि सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर मतदान केंद्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करें। सं
वेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदेय स्थलों को चिह्नित कर वहां की स्थिति से संबंधित जरूरी सूचनाएं जुटाएं। मतदान केंद्रों पर उपलब्ध न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों का भौतिक सत्यापन कर निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम प्रशासन अंकित शुक्ला, एएसपी आलोक प्रसाद आदि मौजूद रहे।
