रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:नगर परिषद-पुलिस के बीच तालमेल नहीं, सात चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें बंद – Lack Of Coordination Between Municipal Council And Police; Traffic Lights At Seven Intersections Are Non-functional
रेवाड़ी

Rewari News:नगर परिषद-पुलिस के बीच तालमेल नहीं, सात चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें बंद – Lack Of Coordination Between Municipal Council And Police; Traffic Lights At Seven Intersections Are Non-functional

November 26, 2026

रेवाड़ी। शहर के सात प्रमुख चौराहों पर लगी ट्रैफिक लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। नगर परिषद और पुलिस विभाग के बीच तालमेल की कमी के चलते लाखों रुपये खर्च किए जाने के बाद भी यातायात व्यवस्था बदहाल है। कहीं लाइटें टूटी हैं तो कहीं पोल तक गायब हैं, जिससे वाहन चालकों को बिना संकेतों के ही चौराहों से गुजरना पड़ रहा है।

शहर में अग्रसेन चौक, बावल चौक, नाईवाली चौक, झज्जर चौक, अंबेडकर चौक, धारूहेड़ा चुंगी और राव अभय सिंह चौक पर ट्रैफिक लाइटें लगाई गई थीं। इनका उद्देश्य वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करना और चौराहों पर लगने वाले जाम को कम करना था। लेकिन रखरखाव के अभाव में यह योजना अपने उद्देश्य से भटक गई।

वर्तमान में इन चौराहों पर सुबह और शाम के व्यस्त समय में वाहनों का दबाव अधिक रहता है। एक साथ कई दिशाओं से आने वाले वाहनों के कारण निकलने की होड़ लगती है। ऐसे में पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

ट्रैफिक लाइटों को चालू करने और उनकी नियमित निगरानी की जिम्मेदारी को लेकर नगर परिषद और पुलिस विभाग के बीच समन्वय की कमी भी सामने आती रही है।

शहर में पहले दो-तीन बार लाइटों को ठीक करवाया गया, लेकिन व्यवस्था ज्यादा समय तक नहीं चल सकी। सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में भी इस समस्या पर चर्चा होती रही है।

विभागों के बीच तालमेल बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के सुझाव दिए गए, लेकिन धरातल पर कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आया।

मरम्मत के नाम पर लाखों खर्च, फिर भी दशा खराब

नगर परिषद की ओर से ट्रैफिक लाइटों को ठीक कराने के लिए कई बार एजेंसियों को लाखों रुपये के ठेके दिए गए। मई 2024 में भी नई लाइटें लगाने और पुरानी लाइटों की मरम्मत का काम एजेंसी को सौंपा गया था। शुरुआत में काम हुआ, लेकिन कुछ महीनों बाद ही कार्य अधूरा रह गया। इसके बाद लाइटों की नियमित देखरेख नहीं होने से उनकी हालत लगातार खराब होती चली गई। दो साल से अधिक समय बीतने के बावजूद व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है। सवाल यह है कि जब बार-बार मरम्मत पर बजट खर्च किया जा रहा है तो लाइटें चालू क्यों नहीं रह पातीं।

बढ़ते वाहनों के दबाव में जरूरी हुई व्यवस्था

शहर में आबादी के साथ वाहनों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। मुख्य बाजार, सर्कुलर रोड और प्रमुख चौराहों पर दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। सुबह कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों के समय तथा शाम को बाजार के व्यस्त समय में यातायात का दबाव और बढ़ जाता है। ऐसे में ट्रैफिक लाइटें केवल यातायात नियंत्रित करने का साधन नहीं, बल्कि व्यवस्थित आवागमन के लिए जरूरी सुविधा हैं।

वर्जन:

यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। शहर में कुछ स्थानों पर तो ट्रैफिक लाइटें चल रही है। यदि ठीक नहीं है तो उसे दुरुस्त कराने के लिए पुलिस विभाग के साथ मीटिंग की जाएगी।-विनीता पीपल, अध्यक्ष, रेवाड़ी

शहर के अग्रसेन चौक के पास बंद पड़ी ट्रैफिक लाईट और बिना संकेतों के ही गुजरते वाहन। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X