Barabanki News:हादसे में घायल किशोर ने भी दम तोड़ा – The Teenager Injured In The Accident Also Succumbed To His Injuries
गणेशपुर। रामनगर के गणेशपुर-बड़नपुर मार्ग पर चार दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में घायल हुए 12 वर्षीय किशोर हिमांशु की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में उसके चचेरे भाई 28 वर्षीय मिथुन की उसी दिन मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को किशोर का शव गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, बड़नपुर गांव निवासी मिथुन रविवार को एक रिश्तेदार को छोड़ने गणेशपुर चौराहे आए थे। उनके साथ उनका भतीजा हिमांशु भी था। रिश्तेदार को छोड़ने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी रामनगर में डॉक्टरों ने मिथुन को मृत घोषित कर दिया था, जबकि हिमांशु को जिला अस्पताल से लखनऊ केजीएमयू के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था। बुधवार रात उपचार के दौरान हिमांशु ने भी दम तोड़ दिया। किशोर हिमांशु गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। उसकी मौत से उसके पिता गुड्डू पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सीओ गरिमा पंत ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
